धार जिले के धामनोद निवासी युवक मुकुंद आगीवाल ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की अखिल भारतीय फाइनल परीक्षा में AIR 1 हासिल की। मुकुंद यह उपलब्धि हासिल करने वाले धार जिले के पहले युवा बने हैं। उनकी इस सफलता से परिवार और नगर में खुशी की लहर है।
.
पिता का सपना किया पूरा, छलक उठे परिजनों के आंसू
मुकुंद के पिता पवन आगीवाल धामनोद में स्टेशनरी की दुकान संचालित करते हैं, जबकि माता ज्योति आगीवाल गृहिणी हैं। बेटे की इस सफलता को देखकर माता-पिता और दादा-दादी की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। पूरे नगर में मुकुंद को बधाइयों का तांता लग गया।
बचपन से था सीए बनने का सपना
मुकुंद ने दैनिक भास्कर को बताया कि बचपन से ही सीए बनने का सपना देखा था। उन्होंने बताया कि 2021 में 12वीं की परीक्षा के बाद से ही उन्होंने ऑनलाइन तैयारी शुरू कर दी थी। उन्होंने अपनी आर्टिकलशिप पुणे से की और सीए इंटर की तैयारी इंदौर में निजी कोचिंग से की, जिसमें उन्होंने ऑल इंडिया 24वीं रैंक हासिल की थी।
सीए फाइनल में 600 में से 500 अंक
मुकुंद ने दैनिक भास्कर को बताया कि उन्हें CA फाइनल में 600 में से 500 अंक (83.33%) मिले हैं। आज सुबह वह घर पर ही थे। जैसे ही इंस्टीट्यूट के प्रेसिडेंट का कॉल आया और उन्होंने AIR 1 की सूचना दी, घर में खुशी की लहर दौड़ गई। मुकुंद ने कहा, “पूरा परिवार भावुक हो गया, फिर बधाइयों का दौर शुरू हुआ।”

“प्रतिभा सिर्फ महानगरों में नहीं, छोटे कस्बों में भी होती है”
मुकुंद का कहना है कि “प्रतिभा सिर्फ महानगरों में नहीं, बल्कि छोटे कस्बों में भी होती है। सफलता के लिए निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास जरूरी है।” उन्होंने कहा कि भविष्य में अच्छी नौकरी और उच्च पैकेज पाने के लिए अंग्रेज़ी में दक्षता अनिवार्य है, क्योंकि अधिकांश संस्थानों में कार्य इसी भाषा में होता है।
धामनोद से ही की स्कूली शिक्षा
मुकुंद ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गुरुकुल स्कूल, धामनोद से प्राप्त की। उन्होंने 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं भी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण की थीं। उनके पिता पवन आगीवाल का कहना है कि मुकुंद की सफलता मेहनत और अनुशासन का परिणाम है।
यह रहा पढ़ाई का तरीका
मुकुंद ने बताया कि वे हर विषय के कॉन्सेप्ट को गहराई से समझने और याद करने पर जोर देते थे। आगे वे पहले नौकरी करना चाहते हैं, फिर अपने ही शहर धामनोद में कुछ नया कार्य शुरू करने की योजना रखते हैं।