धार जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम राजगढ़ की नगर सीमा और आसपास की सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़कों पर गड्ढे इतने बढ़ गए हैं कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। जगह-जगह उड़ती धूल ने भी राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है।
.
मोहनखेड़ा तीर्थ मार्ग सबसे खराब
मोहनखेड़ा तीर्थ गेट से लेकर अंडरब्रिज तक का रास्ता केवल नाम का रह गया है। फोरलेन से मंडी रोड, राजेंद्र कॉलोनी के शिवमंदिर से उदय पैलेस तक और जय तलेटी के पास की सड़क पर भी बड़े गड्ढे बन गए हैं। इन खराब सड़कों के कारण तीर्थयात्रियों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यात्रियों ने जताई नाराजगी
स्थानीय निवासी मयूर परमार ने बताया कि मोहनखेड़ा गेट के पास सड़क पूरी तरह गड्ढों से भर गई है। वहीं अंकुश भंडारी ने कहा कि अंडरब्रिज मार्ग पर बारिश का पानी भरने से तीर्थयात्रियों को काफी परेशानी होती है। राकेश पंवार ने बताया कि फोरलेन से तीर्थ जाने वाला सिंगल पट्टी मार्ग भी गड्ढों में बदल गया है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
बारिश थमने के बाद होगा सुधार
इस मामले में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ एल.एन. राठौर ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे मरम्मत कार्य प्रभावित हुआ है। बारिश थमते ही खराब सड़कों की मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा।
सड़क पर इतने बड़े गड्ढे हैं कि लोगों को चलना भी मुश्किल है।