सोमवार रात करीब 8:15 बजे एयर इंडिया की एक फ्लाइट की भोपाल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान दिल्ली से बेंगलुरु की ओर जा रहा था। उड़ान के दौरान तकनीकी दिक्कत महसूस होने पर पायलट ने सतर्कता बरतते हुए विमान को भोपाल में उतारने का निर्णय लिया।
.
एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया कि “फ्लाइट ने एहतियातन भोपाल में लैंड किया था। यह एक सामान्य प्रक्रिया होती है, जब पायलट को सिस्टम में कुछ अनयूज़ुअल लगे। लैंडिंग के बाद विमान की जांच की गई और अब सब कुछ सामान्य है।
अवस्थी के अनुसार, विमान की रिफ्यूलिंग और रूटीन जांच के बाद उसे दोबारा उड़ान के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि “लैंडिंग के बाद किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को कोई दिक्कत नहीं हुई। सभी सुरक्षित हैं। थोड़ी देर में फ्लाइट अपने गंतव्य के लिए रवाना हो जाएगी। हालांकि, अभी विमान में सवार यात्रियों की सटीक संख्या और तकनीकी गड़बड़ी के कारणों की जानकारी साझा नहीं की गई है।