हार की हैट्रिक… फिर भी जीत लिया वर्ल्ड कप, भारतीय महिला टीम का सबसे बड़ा अजूबा

हार की हैट्रिक… फिर भी जीत लिया वर्ल्ड कप, भारतीय महिला टीम का सबसे बड़ा अजूबा


कपिल देव ने जिस तरह भारत को साल 1983 में पहला मेंस वनडे वर्ल्ड कप जिताया था. अब हरमनप्रीत कौर ने भी साल 2025 में ठीक उसी तरह भारत को पहली बार विमेंस वनडे वर्ल्ड कप का पहला खिताब जिताया है. विमेंस और मेंस के वनडे वर्ल्ड कप में ऐसा तीसरी बार हुआ, जब किसी टीम ने ग्रुप स्टेज में तीन मैच हारने के बावजूद खिताब अपने नाम किया है. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया 2025 वनडे वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज के दौरान साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ लगातार तीन मैच हार गई थी. हालांकि फिर भी भारत ने महिला वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाई. आइए एक नजर डालते हैं उन 3 मौकों पर जब ग्रुप स्टेज में तीन मैच हारने के बावजूद किसी टीम ने वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता है.

1992 मेंस वर्ल्ड कप

1992 मेंस वनडे वर्ल्ड कप में सबसे पहले ऐसा हुआ था. तब पाकिस्तान की टीम को अपने पहले ही मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ 10 विकेट से हार मिली थी. इसके बाद उसने जिम्बाब्वे के खिलाफ 53 रन से मुकाबला अपने नाम किया. एडिलेड में पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच मुकाबला बेनतीजा रहा. इसके बाद पाकिस्तान को भारत के हाथों 43 रन से मात झेलनी पड़ी. अगले ही मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पाकिस्तान के खिलाफ 20 रन से मुकाबला अपने नाम किया. पाकिस्तान की टीम अपने तीन मुकाबले गंवा चुकी थी, लेकिन यहां से उसने ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत की हैट्रिक लगाकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. सेमीफाइनल में भी पाकिस्तान के सामने न्यूजीलैंड की टीम थी, जिसके खिलाफ 4 विकेट से जीत दर्ज करते हुए उसने फाइनल में प्रवेश किया. पाकिस्तान ने फाइनल में इंग्लैंड को हराकर वर्ल्ड कप का खिताब जीता था.

Add Zee News as a Preferred Source


2019 मेंस वर्ल्ड कप

इसके बाद 2019 मेंस वनडे वर्ल्ड कप में ऐसा हुआ. इस वर्ल्ड कप को इंग्लैंड की टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ रोमांचक फाइनल में बाउंड्री के आधार पर जीता था. इस वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 104 रन से जीत दर्ज करने के बाद इंग्लैंड को पाकिस्तान के खिलाफ नॉटिंघम में 14 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी, यहां से इंग्लैंड ने बांग्लादेश, वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान के खिलाफ जीत की हैट्रिक लगाई, लेकिन अगले दो मुकाबलों में उसे श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार मिली. इंग्लैंड ने ग्रुप स्टेज के अगले दो मैच भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ जीते. सेमीफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर मेजबान टीम ने फाइनल में प्रवेश किया था. इंग्लैंड ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर वर्ल्ड कप का खिताब जीता था.

2025 विमेंस वर्ल्ड कप

अब महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में ऐसा हुआ है. यह महिला वर्ल्ड कप में पहली बार हुआ है, जब किसी टीम ने तीन मैच गंवाकर भी खिताब अपने नाम किया. भारत ने श्रीलंका के खिलाफ 59 रन से जीत दर्ज करते हुए अपने अभियान की शुरुआत की. इसके बाद पाकिस्तान को 88 रन से हराया. शुरुआती दो जीत दर्ज करने के बाद टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ लगातार तीन मुकाबलों में शिकस्त झेलनी पड़ी. ऐसा लग रहा था कि टीम इंडिया के लिए यहां से सेमीफाइनल में प्रवेश करना मुश्किल है, लेकिन उसने न्यूजीलैंड को 53 रन से शिकस्त देकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया. बांग्लादेश के खिलाफ अंतिम ग्रुप मुकाबला बारिश के चलते मुकाबला बेनतीजा रहा. सेमीफाइनल में भारत के सामने ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम थी, जिसे 5 विकेट से शिकस्त देने के बाद साउथ अफ्रीका को 52 रन से मात देकर भारत ने पहली बार महिला वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम किया.



Source link