नई दिल्ली. होंडा कंपनी ने अपने पोर्टफोलियो को अपडेट करते हुए अपनी पॉपुलर SUV एलिवेट का नया वर्जन लॉन्च किया है, जिसका नाम होंडा एलिवेट ADV एडिशन है. यह नया मॉडल पुराने वर्जन के मुकाबले अधिक स्टाइलिश और आकर्षक है. यह एलिवेट की रेंज में सबसे ऊपर है, यानी यह इसका टॉप मॉडल है. ग्राहकों को लुभाने के लिए कंपनी ने नए मॉडल में कई बदलाव किए हैं, जिससे यह स्पोर्टी लुक के साथ आता है. आइए इसकी खासियतों और कीमत के बारे में बताते हैं.
बाहरी डिजाइन में बड़े बदलाव किए गए हैं, जिससे इसे एक स्पोर्टी लुक मिलता है. इसमें एक रीडिजाइन किया गया ग्रिल है, जिस पर ऑरेंज कलर का टच दिया गया है. गाड़ी में ब्लैक-आउट रूफ रेल्स, ADV बैजिंग और ऑरेंज एक्सेंट के साथ ब्लैक फिनिश वाले अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. पूरी बॉडी पर ऑरेंज डिटेलिंग है, जो इसे और आकर्षक बनाती है. ग्राहकों को ड्यूल-टोन कलर ऑप्शन मिलते हैं, जिसमें मीटियोरॉइड ग्रे मेटैलिक और लुनार सिल्वर मेटैलिक शामिल हैं.
इंटीरियर
इंटीरियर में भी बदलाव किए गए हैं, जहां ऑल-ब्लैक लेआउट दिया गया है. सीटों, दरवाजों और गियर लीवर पर ऑरेंज कलर की स्टिचिंग है. डैशबोर्ड पर ADV टेरेन पैटर्न वाली इल्यूमिनेटेड गार्निश लगाई गई है, जो रात में कैबिन को एक अनोखी पहचान देती है.
इंजन और पावर
इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसमें पहले वाला ही 1.5-लीटर i-VTEC चार-सिलेंडर पेट्रोल इंजन है, जो 121 PS की अधिकतम पावर और 145 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है. यह छह-स्पीड मैनुअल या सात-स्पीड CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ उपलब्ध है. गाड़ी का 220 mm ग्राउंड क्लीयरेंस पहले की तरह है.
एडवांस होंडा सेंसिंग ADAS सूट
सेफ्टी के लिहाज से इसमें एडवांस होंडा सेंसिंग ADAS सूट दिया गया है, जिसमें अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, लेन-कीपिंग असिस्ट, कोलिजन मिटिगेशन ब्रेकिंग जैसे फीचर्स शामिल हैं. इसके अलावा इसमें 360-डिग्री कैमरा (ऑप्शनल), लेनवॉच साइड कैमरा, छह एयरबैग और हिल स्टार्ट असिस्ट जैसे फीचर्स भी हैं.
कीमत
होंडा एलिवेट ADV एडिशन की दिल्ली में शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹15.29 लाख है, जो टॉप मॉडल के लिए ₹16.66 लाख तक जाती है. यह मॉडल तीन साल की अनलिमिटेड किलोमीटर वारंटी और एक दशक तक की एनीटाइम वारंटी सपोर्ट के साथ आता है.