Women World Cup 2025 Final: वर्ल्ड कप की सबसे बड़ी हीरो, जिसने गेंद-बल्ले से किया कमाल, आज हिंदुस्तान कर रहा सलाम

Women World Cup 2025 Final: वर्ल्ड कप की सबसे बड़ी हीरो, जिसने गेंद-बल्ले से किया कमाल, आज हिंदुस्तान कर रहा सलाम


Women World Cup 2025 Final: इस वक्त पूरी दुनिया में टीम इंडिया के नाम की धूम है. भारत की बेटियों ने वनडे विश्व कप 2025 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है. इस टूर्नामेंट के 52 साल में भारत की ये पहली ट्रॉफी है. टीम इंडिया 2005 और 2017 में खिताब जीतने से चूक गई थी, लेकिन इस बार उसने अफ्रीका को मात देकर पूरा जहां जीत लिया. विमेंस विश्व कप में दशकों से ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड का दबदबा कायम था, लेकिन इस बार इतिहास बदल गया. पूरे 25 साल बाद महिला वनडे विश्व कप को नया चैंपियन मिला है. आखिरी दफा 2005 में न्यूजीलैंड जीती थी. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड बारी-बारी से खिताब जीतती रहीं, लेकिन इस बार हिंदुस्तान ने पहली बार वर्ल्ड कप जीतकर रिकॉर्ड बुक हिला दी.

नवी मुंबई में फाइनल मुकाबला हुआ, जिसमें हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों के बड़े अंतर से मात दी. इस जीत में कई खिलाड़ियों का योगदान रहा, लेकिन हम यहां बात सिर्फ उस खिलाड़ी की करेंगे, जो पूरे विश्व कप की सबसे बड़ी हीरो साबित हुई है. उसने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब भी जीता. खास बात ये रही कि फाइनल में उसने अफ्रीका की कमर तोड़ दी और एक वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ टीम इंडिया को खिताब दिला दिया.

कौन है सबसे बड़ी हीरो?

पूरे विश्व कप में कुल 8 टीमें खेली थीं. इन टीमों की सभी खिलाड़ियों को मिला दिया जाए तो सबसे बढ़िया प्रदर्शन दीप्ति शर्मा का रहा, जिन्होंने फाइनल में अफ्रीका को घुटनों पर ला दिया. उन्होंने पहले बल्ले से 58 गेंद पर 58 रन बनाए, फिर गेंद से तबाही मचाते हुए 9.3 ओवरों में 5 विकेट चटका दिए. यह कहानी सिर्फ फाइनल की नहीं थी, लगभग हर मैच में दीप्ति भारत के लिए मैच विनर साबित हुई हैं.

Add Zee News as a Preferred Source


वनडे विश्व कप 2025 में कैसा रहा दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन?

दीप्ति शर्मा ने इस बार गेंद, बल्ले और फील्डिंग तीनों में कमाल किया. उन्होंने 7 पारियों में 30 की औसत से 215 रन किए. वहीं गेंद से 9 मैचों में 22 विकेट निकाले. वो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली बॉलर बनीं.

दीप्ति शर्मा ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

पूरे टूर्नामेंट में छाई रहने वाली दीप्ति फाइनल में बड़ा कमाल कर गईं. उन्होंने 5 विकेट लेकर एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और इतिहास रच दिया. वो महिला या पुरुष विश्व कप के किसी नॉकआउट मैच में अर्धशतक और 5 विकेट लेने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बनी हैं. भारतीय महिला क्रिकेट इतिहास में भी यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली प्लेयर बन गईं.

फाइनल का लेखा-जोखा

अगर फाइनल की बात करें तो भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 298 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था. जिसका पीछा करने उतरी अफ्रीकी टीम 45.3 ओवरों में 246 रनों पर सिमट गई. भारत के लिए शेफाली वर्मा ने सबसे ज्यादा 78 गेंद पर 7 चौके और 2 छक्के लगाकर 87 रन बनाए. वहीं अफ्रीका के लिए 98 गेंद पर 11 चौके और 1 छक्के के दम पर कप्तान लॉरा वुल्वार्ट ने दमदार सेंचुरी बनाई, लेकिन वो जीत नहीं दिला सकीं.

ये भी पढ़ें: 33 शतक और 14627 रन… वो महान खिलाड़ी जो कभी टीम इंडिया में नहीं आया, अब कोच बनकर दिला दी महिला टीम को ट्रॉफी





Source link