Womens World Cup India Victory: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में साउथ अफ्रीका को हराकर पहली बार वर्ल्ड कप जीत लिया. 2005 और 2017 के फाइनल में हारने के बाद टीम इंडिया ने आखिरकार खिताब पर कब्जा कर ही लिया. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाल टीम ने रोमांचक मुकाबले को 52 रन से अपने नाम कर लिया. कपिल देव (1983) और महेंद्र सिंह धोनी (2011) के बाद हरमप्रीत वर्ल्ड कप जीतने वाली देश की तीसरी कप्तान बन गईं. इस मैच के बाद फैंस को विक्ट्री परेड का इंतजार है और इस पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बड़ा अपडेट दिया है.
विक्ट्री परेड पर अभी फैसला नहीं
2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद मुंबई में पुरुष टीम के लिए भव्य विक्ट्री परेड का आयोजन किया गया था. अब फैंस को उम्मीद है कि महिला टीम के लिए भी इसी तरह का आयोजन बोर्ड करेगा. हालांकि, उनकी उम्मीदों पर पानी फिरता हुआ नजर आ रहा है. बीसीसीआई ने अभी तक महिला टीम की ऐतिहासिक आईसीसी वर्ल्ड कप जीत का जश्न मनाने के लिए किसी भी विक्ट्री परेड की योजना को अंतिम रूप नहीं दिया है. यह जानकारी बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने सोमवार को दी है.
ये भी पढ़ें: हरमनप्रीत कौर ने बनाए 20 रन और रच दिया इतिहास, दोहरा शतक लगाने वाली क्रिकेटर का ऑलटाइम रिकॉर्ड ध्वस्त
आईसीसी मीटिंग के बाद लिया जाएगा फैसला
जश्न की योजना 4-7 नवंबर तक दुबई में होने वाली आईसीसी बैठकों से सीनियर अधिकारियों के लौटने के बाद ही तय की जाएगी. देवजीत सैकिया ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से कहा, ”फिलहाल विक्ट्री परेड जैसा कुछ भी प्लान नहीं किया गया है. मैं आईसीसी मीटिंग में शामिल होने के लिए दुबई जा रहा हूं. कई अधिकारी भी वहीं जा रहे हैं. ऐसे में जब हम वापस आएंगे, तो उसी के अनुसार योजना बनाएंगे.”
ये भी पढ़ें: सूर्यकुमार जैसा… वह कैच जिसने भारत को बना दिया वर्ल्ड चैंपियन, देश की इस बेटी ने 140 करोड़ों लोगों को झुमाया
एशिया कप ट्रॉफी वापस लाने पर नजर
सैकिया ने यह भी कहा कि बोर्ड एशिया कप ट्रॉफी का मुद्दा आईसीसी के सामने उठाएगा ताकि उसे उसका सही सम्मान वापस दिलाया जा सके. उन्होंने कहा, ”हम आईसीसी के साथ एशिया कप ट्रॉफी का मामला उठाएंगे और उम्मीद है कि हम अपनी ट्रॉफी को उस सम्मान और गौरव के साथ वापस हासिल कर लेंगे जिसकी वह हकदार है.” 28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम ने सलमान आगा एंड कंपनी को पांच विकेट से हराकर फाइनल जीतने के तुरंत बाद भारत ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री मोहसिन नकवी से 2025 पुरुष T20 एशिया कप ट्रॉफी लेने से मना कर दिया था.