India A squad for Rising Stars Asia Cup Announced: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) द्वारा आयोजित होने वाले राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडिया ‘ए ‘ टीम का ऐलान कर दिया. यह टूर्नामेंट 14 से 23 नवंबर तक कतर के दोहा में होगा. टीम में विस्फोटक ओपनर प्रियांश आर्या और वैभव सूर्यवंशी का चयन किया गया है. दोनों ने आईपीएल और अन्य मैचों में जोरदार प्रदर्शन से सबका दिल जीता है. सेलेक्शन के बाद इतना तो तय हो गया कि दोनों ही धाकड़ बल्लेबाज टूर्नामेंट में ओपनिंग करेंगे.
प्रियांश का जबरदस्त रिकॉर्ड
क्रिकेट फैंस को पहली बार पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के दो खूंखार ओपनरों को एक साथ बैटिंग करते हुए देखने का अवसर मिलेगा. विपक्षी टीमों के गेंदबाजों के लिए यह काफी चुनौतीपूर्ण होने वाला है. प्रियांश ने अब तक 8 लिस्ट ए मैचों में 22.25 की औसत से 178 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने एक शतक लगाया है. टी20 की बात करें तो उन्होंने 35 मुकाबलों में 30.82 की औसत और 172.08 की स्ट्राइक रेट 1048 रन बटोरे हैं. उनके नाम दो शतक हैं. आईपीएल के पिछले सीजन में उन्होंने 17 मैचों में 475 रन ठोके थे. उनका औसत 27.94 और स्ट्राइक रेट 179.24 का रहा था.
वैभव का प्रचंड स्ट्राइक रेट
दूसरी ओर, वैभव सूर्यवंशी की बात करें तो वह 15 साल की उम्र में युवा सनसनी बन चुके हैं. उन्होंने 7 फर्स्ट क्लास मैचों में 10.36 की औसत से 114 रन ही बनाए हैं. 6 लिस्ट ए मुकाबलों में उनके नाम 132 रन ही हैं, लेकिन टी20 क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड धांसू है. वैभव ने 8 मैचों में 33.12 की औसत से 265 रन बनाए हैं. अगर आईपीएल की बात करें तो उन्होंने पिछले सीजन में राजस्थान के लिए 7 मैचों में 252 रन ठोके थे. इस दौरान एक शतक भी लगाया था. वैभव का औसत 36 और स्ट्राइक रेट 206.55 का है.
ये भी पढ़ें: कब और कहां होगा अगला महिला वर्ल्ड कप? नहीं खेलेंगी दुनिया की ये 4 दिग्गज क्रिकेटर! वनडे करियर पर लगा ‘ग्रहण’
जितेश शर्मा बने कप्तान
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को पिछले साल आईपीएल में जीत दिलाने वाले जितेश शर्मा टीम के कप्तान बने हैं. वह फिलहाल भारतीय टी20 टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया में हैं. वहां से आने के बाद कतर जाएंगे. उनके अलावा टीम में नेहाल वढेरा, नमन धीर, रमनदीप सिंह, आशुतोष शर्मा जैसे स्टार खिलाड़ी शामिल हैं. नमन धीर को उपकप्तान बनाया गया है. इंडिया ‘ए’ को ग्रुप बी में ओमान, यूएई और पाकिस्तान ए के साथ रखा गया है.
राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडिया ‘ए’ टीम
प्रियांश आर्या, वैभव सूर्यवंशी, नेहल वढेरा, नमन धीर (उपकप्तान), सूर्यांश शेडगे, जितेश शर्मा (कप्तान और विकेटकीपर), रमनदीप सिंह, हर्ष दुबे, आशुतोष शर्मा, यश ठाकुर, गुरजापनीत सिंह, विजय कुमार वैश्य, युद्धवीर सिंह चरक, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), सुयश शर्मा.
स्टैंड-बाय खिलाड़ी: गुरनूर सिंह बराड़, कुमार कुशाग्र, तनुश कोटियन, समीर रिज़वी, शेख रशीद.
ये भी पढ़ें: न स्मृति मंधाना न हरमनप्रीत कौर… सोशल मीडिया की ‘क्ववीन’ बनी ये सुपरस्टार, वर्ल्ड कप जीतते ही आ गई फॉलोअर्स की बाढ़
इंडिया ए का शेड्यूल
14 नवंबर- खिलाफ यूएई
16 नवंबर- खिलाफ पाकिस्तान ए
18 नवंबर- ओमान
21 नवंबर- पहला सेमीफाइनल
21 नवंबर- दूसरा सेमीफाइनल
23 नवंबर- फाइनल