नगर पालिका परिषद अध्यक्ष काजल वर्मा और उनके ससुर के खिलाफ कर्मचारियों ने शिकायत की।
सीधी नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष काजल वर्मा और उनके ससुर विनोद वर्मा पर अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ अभद्रता, अनैतिक कार्यों के लिए दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगे हैं। मंगलवार को कर्मचारियों ने प्रशासन को पत्र लिखकर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
.
कर्मचारियों के खिलाफ झूठी शिकायतों की धमकी देने का आरोप
नगर पालिका कर्मचारी इकाई अध्यक्ष बृजेश सिंह की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि अध्यक्ष और उनके ससुर लगातार अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ अपमानजनक व्यवहार करते हैं। आरोप है कि अनैतिक कार्यों से इनकार करने पर कर्मचारियों के खिलाफ झूठी शिकायतें दर्ज कराकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है।
कर्मचारियों ने मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
कार्यालय आकर कर्मचारियों से गाली-गलौज का भी आरोप
कर्मचारी संगठन ने यह भी आरोप लगाया है कि विनोद वर्मा कार्यालय में आकर कर्मचारियों पर अनुचित दबाव डालते हैं और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने इस मामले में जल्द और कड़ी कार्रवाई नहीं की, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
कर्मचारियों ने कार्रवाई न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी
हड़ताल की स्थिति में नगर पालिका की सभी मूलभूत और आवश्यक सेवाएं बंद हो सकती हैं, जिससे शहरवासियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, पत्र की एक प्रतिलिपि मध्यप्रदेश नगर पालिका/नगर निगम कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष आलोक सिंह को भी भेजी गई है। कर्मचारी संगठन का कहना है कि यह मुद्दा केवल कर्मचारियों के सम्मान का नहीं, बल्कि शासकीय कार्यप्रणाली की निष्पक्षता से भी जुड़ा है।