शाजापुर में बुधवार को देव दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर नगर में दीपावली जैसा उत्साह और उल्लास देखने को मिला। लोगों ने दीपकों की रोशनी से अपने घरों को रोशन किया और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। आसमान आतिशबाजी से जगमगा उठा।
.
पर्व के दौरान घरों में आकर्षक रंगोली बनाई गई। वहीं, मंदिरों में भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए गए और प्रसादी का वितरण किया गया। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लोगों ने अपने घरों को दीप सज्जा से सजाया।
शाम को लोगों ने नदी में दीपकों का विसर्जन कर सुख-समृद्धि की कामना की। नगर में कई स्थानों पर आकर्षक दीपसज्जा की गई, जो आकर्षण का केंद्र रही।
महूपुरा स्थित जगदीश मंदिर, मां राजराजेश्वरी मंदिर और भावसार मोहल्ला स्थित मंदिरों सहित कई अन्य मंदिरों में भी दीपों से सजावट की गई।
महूपुरा स्थित चीलर नदी पर भी दीप विसर्जन किए गए। नगर पालिका ने लोगों की सुविधा के लिए पहले ही घाटों की सफाई करवा दी थी।

देव दीपावली के अवसर पर नगरवासियों ने देर रात तक जमकर आतिशबाजी की। सोमवारिया बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर बड़ों और बच्चों ने उत्साह के साथ आतिशबाजी का आनंद लिया, जिससे पूरा नगर दीपावली के माहौल में डूबा रहा।
