ICC T20I Rankings: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज से बीच में ही कुलदीप यादव को रिलीज कर दिया गया. इसका भारी नुकसान उन्हें ताजा टी20 रैंकिंग में उठाना पड़ा है. कुलदीप को घरेलू मैदान पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए स्वदेश वापस भेजा गया. वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक टी20 मैच खेलने के बाद ही बाहर हो गए. इस कारण वह रैंकिंग में पांच स्थान नीचे खिसक गए हैं. भारत का यह स्पिनर अब तो टॉप-10 से बाहर हो गया है.
कुलदीप का नुकसान, वरुण का दबदबा
कुलदीप अब 625 रेटिंग अंकों के साथ 15वें स्थान पर हैं. अगले सप्ताह के अपडेट में उनके और नीचे जाने की संभावना है क्योंकि कुलदीप बाकी दो टी20 में भी नहीं खेलेंगे. इसके बजाय वह बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड में साउथ अफ्रीका ‘ए’ के खिलाफ इंडिया ‘ए’ के लिए दूसरे चार दिवसीय मैच में एक्शन में होंगे. इस बीच वरुण चक्रवर्ती ने गेंदबाजी रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक तीन मैचों में 14 की औसत से चार विकेट लेने के बाद उन्होंने 799 रेटिंग अंक बनाए रखे हैं. वरुण ने आठ ओवरों में केवल 56 रन दिए हैं.
ये भी पढ़ें: साउथ अफ्रीका के खिलाफ रनों का अंबार लगा देगा ये खूंखार बल्लेबाज, धमाकेदार शतक से दे दी चेतावनी, ठोके 156 रन
एडम जम्पा को घाटा, हेजलवुड को फायदा
ऑस्ट्रेलिया के एडम जम्पा ने अपने पहले बच्चे के जन्म के कारण भारत के खिलाफ सीरीज के शुरुआती तीन टी20 मिस कर दिए हैं. इससे उनकी रैंकिंग भी प्रभावित हुई है. वह तीन स्थान फिसलकर 670 रेटिंग अंकों के साथ अब सातवें स्थान पर हैं. तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड दूसरे मैच में ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ प्रदर्शन के बाद 10वें स्थान पर आ गए हैं.
ये भी पढ़ें: साउथ अफ्रीका के खिलाफ इतिहास रचने के करीब रवींद्र जडेजा, खतरे में अश्विन का ये ‘प्रचंड’ रिकॉर्ड
अभी वरुण ही रहेंगे नंबर-1
दुनिया भर में कई टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जाने के कारण अगले अपडेट में रैंकिंग में काफी बदलाव होने की संभावना है. इसमें खिलाड़ी शीर्ष 10 में जगह बनाने की कोशिश करेंगे. फिलहाल वरुण चक्रवर्ती का शीर्ष स्थान सुरक्षित दिख रहा है क्योंकि वह दूसरे स्थान पर काबिज अकील हुसैन से 73 अंकों की भारी बढ़त बनाए हुए हैं.