पुलिस ने चोर गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दमोह देहात थाना पुलिस ने बुधवार को एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने दमोह के साथ-साथ मंडला, जबलपुर और कटनी जिलों में भी कई चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था।
.
सोने-चांदी के जेवर, अनाज की बोरियां और बाइक जब्त
देहात थाना टीआई रचना मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, अनाज की बोरियां और चोरी की गई बाइकें बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों ने दमोह के आंखखेड़ा मंदिर में चोरी की थी। इसके अलावा, न्यू दमोह कॉलोनी में एक घर से लगभग 2 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर चुराए थे और बांसाकला से अनाज की बोरियां भी चोरी की थीं।
पुलिस ने चोरी का सारा सामान जब्त कर लिया है।
मंडला, जबलपुर और कटनी से चुराई 6 बाइक
गिरोह ने मंडला, जबलपुर और कटनी से कुल छह बाइकें भी चोरी की थीं। आरोपियों के खिलाफ चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शंकर उर्फ अभिषेक यादव (20, निवासी सिविल वार्ड नं. 03, दाल मिल के पीछे, दमोह), एक नाबालिग, शाहिद उर्फ भोला कुचबंदिया (18, निवासी दाल मिल के पीछे, वार्ड नं. 03, दमोह), अभिषेक कुचबंदिया (19, निवासी अग्रवाल दाल मिल के पीछे, वार्ड नं. 03) और राज अहिरवार (18, निवासी गदागंज, पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे, दमोह) शामिल हैं।