दिवाली के बाद ग्राहकों की भीड़ बनाए रखने के लिए होंडा कार्स इंडिया (Honda Cars India) ने अपने सभी मॉडलों पर इस महीने जबरदस्त ऑफर और छूट की घोषणा की है. कंपनी की कोशिश है कि त्योहारों के बाद भी लोग शोरूम की ओर आकर्षित हों. इन ऑफर्स में कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस, लॉयल्टी रिवॉर्ड, कॉर्पोरेट ऑफर और एक्सटेंडेड वारंटी जैसे फायदे शामिल हैं. ये सभी लाभ 30 नवंबर 2025 तक उपलब्ध रहेंगे और मॉडल के अनुसार बदलते रहेंगे.
सबसे पहले बात करें होंडा की नई SUV Elevate की तो इस पर कंपनी ने अब तक का सबसे बड़ा ऑफर दिया है. जो ग्राहक इसका टॉप वैरिएंट ZX (मैनुअल या ऑटोमैटिक) खरीदते हैं, उन्हें करीब 1.56 लाख रुपये तक का फायदा मिल सकता है. इसमें 35,000 का कैश डिस्काउंट, 25,000 का एक्सचेंज बोनस और साथ में लॉयल्टी व कॉर्पोरेट बेनिफिट शामिल हैं. इसके अलावा कंपनी फ्री 360-डिग्री कैमरा, एलईडी एम्बियंट लाइटिंग और 7 साल की एक्सटेंडेड वारंटी पर 19,000 रुपये की छूट भी दे रही है. वहीं इसका बेस मॉडल SV 38,000 रुपये तक के डिस्काउंट के साथ मिल रहा है. अगर ग्राहक अपनी पुरानी कार स्क्रैप करवाते हैं तो उन्हें 20,000 रुपये तक का अतिरिक्त फायदा मिलेगा. Honda Elevate की शुरुआती कीमत 11 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है.
होंडा सिटी पर कितना फायदा?
होंडा की सबसे पॉपुलर सेडान होंडा सिटी पर भी शानदार ऑफर चल रहा है. कंपनी SV, V और VX ऑटोमैटिक वेरिएंट्स पर 1.52 लाख रुपये तक का लाभ दे रही है. इसमें कैश और एक्सचेंज बोनस मिलाकर 80,000 रुपये तक की छूट है, साथ ही लॉयल्टी और स्क्रैपेज स्कीम से 20,000 रुपये का अतिरिक्त फायदा. कॉर्पोरेट या सेल्फ-एम्प्लॉयड ग्राहकों को 10,000 रुपये का अलग से डिस्काउंट दिया जा रहा है. इसके अलावा 7 साल की एक्सटेंडेड वारंटी पर 28,700 रुपये की छूट मिल रही है. सिटी हाइब्रिड वैरिएंट पर भी वारंटी पर 17,000 का डिस्काउंट है. इस गाड़ी की शुरुआती कीमत 11.95 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है.
अमेज़ पर भी मिल रही छूट
अगर आपकी नजर किसी किफायती और स्टाइलिश सेडान पर है तो होंडा अमेज़ (Honda Amaze) इस महीने और भी सस्ती पड़ सकती है. कंपनी इसके सेकंड-जनरेशन मॉडल पर 95,000 रुपये तक के फायदे दे रही है, जिसमें 25,000 का कैश डिस्काउंट और 35,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस शामिल है. साथ ही लॉयल्टी और कॉर्पोरेट ऑफर भी दिए जा रहे हैं. 7 साल की एक्सटेंडेड वारंटी पर 15,000 रुपये की छूट मिल रही है. वहीं थर्ड-जनरेशन Amaze ZX MT पर 67,000 रुपये तक का फायदा दिया जा रहा है. Amaze V MT/CVT और ZX CVT वेरिएंट्स पर 28,000 रुपये तक की छूट दी जा रही है. दोनों जेनरेशन मॉडल्स के लिए 20,000 रुपये तक का स्क्रैपेज बेनिफिट भी मौजूद है. सेकंड-जनरेशन Amaze की शुरुआती कीमत 7.98 लाख रुपये और थर्ड-जनरेशन मॉडल की 7.41 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है.
ध्यान रहे, ये ऑफर हर शहर में अलग-अलग हो सकते हैं और स्टॉक की उपलब्धता पर निर्भर करते हैं. इसलिए खरीदारी से पहले अपने नजदीकी होंडा डीलर से संपर्क करना बेहतर रहेगा.