मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के चुनाव परिणाम गुरुवार को घोषित हो गए। धार जिले में रोहित कामदार ने यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष का पद एक बार फिर जीत लिया है। उन्हें जिले भर से सर्वाधिक 6840 मत प्राप्त हुए हैं।
.
कामदार ने अपनी पुरानी सीट पर पुनः निर्वाचित होकर जिले में अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। यह उनकी रिकॉर्ड तोड़ जीत है, जो जिले के युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच उनकी लोकप्रियता और सक्रियता को दर्शाती है।
रोहित कामदार के जिलाध्यक्ष घोषित होते ही उनके कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा गया। कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर जश्न मनाया और आतिशबाजी की। मोहन टॉकीज चौराहे पर देर शाम बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए। यूथ कांग्रेस शहर अध्यक्ष अभिनव बिंजवा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और आतिशबाजी की।
अपनी जीत पर नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष रोहित कामदार ने इसे कार्यकर्ताओं की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस जनता की आवाज बनेगी। कामदार ने आगे कहा कि कांग्रेस किसानों और पीड़ितों के लिए हमेशा तैयार रहेगी और उनके मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।