Chennai Super Kings: आईपीएल 2026 को लेकर सभी टीमों ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है. मिनी-ऑक्शन का आयोजन दिसंबर में किया जाना है. उससे पहले सभी टीमों को रिलीज और रिटेन किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट 15 नवंबर तक जारी करनी होगी. हालांकि, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) भी इसे लेकर काम कर रहा है और वह जल्द ही नियमों की घोषणा कर सकता है. उससे पहले क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है.
धोनी अभी नहीं लेने वाले हैं संन्यास
चेन्नई सुपरकिंग्स के दिग्गज खिलाड़ी और आईपीएल के आइकन माने जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी अगले साल आईपीएल में खेलेंगे. इसकी घोषणा फ्रेंचाइजी के सीईओ काशी विश्वनाथन ने की है. उन्होंने कहा है कि पूर्व भारतीय कप्तान की तत्काल संन्यास लेने की कोई योजना नहीं है. धोनी ने पिछले साल ऋतुराज गायकवाड़ के चोटिल होने के बाद टीम की कमान संभाली थी. 5 बार खिताब जीतने वाला यह कप्तान टीम की तकदीर को नहीं बदल पाया और चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम पिछले साल अंक तालिका में सबसे नीचे रही थी.
ये भी पढ़ें: शतकवीर क्रिकेटर होगा बाहर… पहले टेस्ट में ऐसा होगा टीम इंडिया का प्लेइंग-11! हैरान करने वाले हैं गौतम गंभीर
सीईओ ने क्या कहा?
‘प्रोवोक लाइफस्टाइल’ पत्रिका को दिए एक इंटरव्यू में काशी विश्वनाथन ने अपने पोते ‘नोहा’ से बात करते हुए कहा, ”नहीं, वह इस IPL के लिए संन्यास नहीं ले रहे हैं.” जब उनसे धोनी की रिटायरमेंट योजनाओं के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, ”मैं उनसे पूछकर आपको बताऊंगा.” टीम पिछली बार आईपीएल में 14 मैचों में से सिर्फ चार जीत पाई थी. टीम ने 2023 में पिछला खिताब धोनी की कप्तानी में जीता था.
ये भी पढ़ें: RCB में बड़ा बदलाव… टीम को मिला नया कोच, चैंपियन बनाने वाले ने टीम को कहा अलविदा
धोनी ने दिया था जवाब
एमएस धोनी के नेतृत्व में CSK सबसे सफल IPL फ्रेंचाइजियों में से एक बन गई है. उसने अब तक पांच IPL खिताब (2010,2011,2018,2021 और 2023) जीते हैं और अधिकांश सीजन में प्लेऑफ तक पहुंची है.हाल ही में एक कार्यक्रम में एमएस धोनी ने भी अपने भविष्य के बारे में बात की थी. हर्षा भोगले के साथ एक बातचीत में उन्होंने कहा था, ”खैर, यह निर्भर करता है. फिर से मैं वही कहूंगा. मेरे पास फैसला करने के लिए चार या पांच महीने हैं. आपको पता है, यह तय करने की कोई जल्दी नहीं है कि क्या करना है. मैं यह नहीं कह रहा हूं कि मेरा काम हो गया है, मैं यह भी नहीं कह रहा हूं कि मैं उसी समय वापस आ रहा हूं. आपको शरीर को फिट रखना होगा, यह नहीं भूलना चाहिए कि यह शीर्ष स्तर का क्रिकेट है. यह पेशेवर क्रिकेट है. आपको अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा.”