हमें किंग चार्ल्स नहीं, पीएम मोदी के साथ तस्वीर चाहिए…, भारत को वर्ल्ड कप जिताने वाले कोच ने अचानक क्यों कह दी ये बात

हमें किंग चार्ल्स नहीं, पीएम मोदी के साथ तस्वीर चाहिए…, भारत को वर्ल्ड कप जिताने वाले कोच ने अचानक क्यों कह दी ये बात


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ल्ड कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम से बुधवार को अपने निवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की. इस दौरान हेड कोच अमोल मजूमदार ने एक किस्सा साझा करते हुए बताया कि जब भारतीय टीम ने इंग्लैंड में किंग चार्ल्स से मुलाकात की थी, तो प्रोटोकॉल के चलते उस वक्त सपोर्ट स्टाफ उनके साथ तस्वीरें क्लिक नहीं करवा सका. तब सपोर्ट स्टाफ ने कहा था कि उन्हें पीएम मोदी के साथ तस्वीरें चाहिए.

किंग चार्ल्स से नहीं मिल पाया था सपोर्ट स्टाफ

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के कोच अमोल मजूमदार ने कहा, ‘हम जून में इंग्लैंड में किंग चार्ल्स से मिले. प्रोटोकॉल के तहत सिर्फ 20 ही सदस्य उनसे मिल सकते थे. ऐसे में सपोर्ट स्टाफ वहां नहीं आ सका. मैंने सपोर्ट स्टाफ से इसके लिए माफी मांगी, तो स्टाफ ने कहा- ठीक है, हमें यह तस्वीर नहीं चाहिए. हमें 4 या 5 नवंबर को पीएम मोदी के साथ तस्वीर चाहिए. आज वही दिन है.’

Add Zee News as a Preferred Source


टीम इंडिया ने पीएम मोदी को कहा धन्यवाद

भारतीय टीम ने इससे पहले साल 2017 में पीएम मोदी से मुलाकात की थी. उस समय टीम इंडिया महज 9 रन से इंग्लैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबला गंवा बैठी थी. इसके बाद पीएम मोदी ने टीम का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें भविष्य में शानदार प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया था. इस मुलाकात के बाद अपने मैसेज में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 2017 वर्ल्ड कप के बाद मिलने पर उनकी ओर से साझा की गई बातों के लिए पीएम को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनसे दोबारा बात करके बहुत अच्छा लगा.

पीएम ने टीम इंडिया को मोटिवेट किया

हरमनप्रीत कौर ने कहा, ‘जब हम 2017 में मिले थे, तब हम फाइनल हार गए थे, लेकिन उस समय, आपने हमें बहुत मोटिवेट किया था. आपने हमें बताया था कि जब भी अगला मौका मिले तो कैसे खेलना है और अपना बेस्ट देना है. आज आखिरकार ट्रॉफी जीतने के बाद आपसे दोबारा बात करके बहुत अच्छा लगा.’ भारत ने 2 नवंबर को नवी मुंबई में खेले गए खिताबी मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 52 रन से जीत दर्ज करते हुए अपना पहला वर्ल्ड कप खिताब जीता था.

भारत ने कैसे जीता वर्ल्ड कप?

भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ नवी मुंबई में खेले गए खिताबी मुकाबले को 52 रन से जीता. इस मुकाबले में टीम इंडिया ने शेफाली वर्मा (87) और दीप्ति शर्मा (58) की शानदार पारियों के दम पर 7 विकेट खोकर 298 रन बनाए. साउथ अफ्रीका की ओर से अयाबोंगा खाका ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि क्लो ट्रायॉन, नॉनकुलुलेको म्लाबा और नादिन डी क्लार्क ने 1-1 विकेट हासिल किया. इसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम 45.3 ओवरों में 246 रन पर सिमट गई. सलामी बल्लेबाज कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने 98 गेंदों में 1 छक्के और 11 चौकों के साथ 101 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं. भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए, जबकि शेफाली वर्मा ने 2 विकेट निकाले. इनके अलावा, श्री चरणी ने 1 विकेट हासिल किया.



Source link