Last Updated:
बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन ऋचा को इस धाकड़ बल्लेबाजी के लिए सम्मानित करने जा रहा है. इतिहास रचने वाली ऋचा घोष को भारत की मेन्स टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और वीमेंस टीम की दिग्गज खिलाड़ी झूलन गोस्वामी की साइन की हुई गेंद और बल्ला दिया जाएगा.
नई दिल्ली. मैदान पर लड़ी हर गेंद, हर रन, हर पारी ने इस जीत को बनाया ऐतिहासिक. फाइनल मुकाबले में जब टीम इंडिया ने अपनी जबरदस्त रणनीति और जज़्बे से विपक्ष को धूल चटाई, तो पूरे देश ने सांसें थाम लीं. ऋचा घोष, स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर और बाकी खिलाड़ियों ने दिखा दिया कि भारतीय महिला क्रिकेट अब किसी से कम नहीं और इसीलिए इन खिलाड़ियों पर ईनाम की बारिश हो रही है.अब क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) ने भी भारतीय टीम की धाकड़ बल्लेबाज और विकेटकीपर ऋचा घोष को सोने की परत चढ़ा बल्ला और गेंद देने का ऐलान किया है.
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वनडे वर्ल्ड कप 2025 जीतकर इतिहास के पन्नों में नाम दर्ज करा दिया है. टीम इंडिया ने वीमेंस वर्ल्ड कप फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराया और अपना पहला आईसीसी खिताब जीता. वर्ल्ड कप जीतने के साथ ही टीम इंडिया के खिलाड़ियों को कई बड़े इनाम और सम्मान मिल रहे हैं. प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद बीसीसीआई भी इन खिलाड़ियों को सम्मानित करने जा रही है.
ऋचा के दस्ताने गोल्डन बैट बॉल
वर्ल्ड कप में 12 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज ऋचा घोष ने वर्ल्ड कप के दौरान ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की. ऋचा ने भारतीय पारी के आखिरी ओवरों में आकर चौके-छक्कों के साथ तेजी से रन बनाए, जिसका फायदा भारत को वीमेंस वर्ल्ड कप के कई मुकाबलों में मिला. अब बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन ऋचा को इस धाकड़ बल्लेबाजी के लिए सम्मानित करने जा रहा है. इतिहास रचने वाली ऋचा घोष को भारत की मेन्स टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और वीमेंस टीम की दिग्गज खिलाड़ी झूलन गोस्वामी की साइन की हुई गेंद और बल्ला दिया जाएगा. बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि ‘ऋचा घोष को सम्मानित करते हुए एसोसिएशन को काफी गर्व महसूस हो रहा है. इस खिलाड़ी ने अपने शानदार परफॉर्मेंस से बंगाल और पूरे भारत को गौरवान्वित किया है.
गदगद हैं गांगुली
CAB अध्यक्ष सौरव गांगुली ने ऋचा घोष की शानदार परफॉर्मेंस के बारे में कहा कि ‘ऋचा ने वर्ल्ड स्टेज पर अद्भुत टैलेंट, कंपोजर और फाइटिंग स्पिरिट दिखाई है. भारतीय क्रिकेट में उनके इतने बड़े योगदान के लिए हमारी तरफ से गोल्ड प्लेटेड बैट और बॉल देकर केवल एक छोटा सा सम्मान दिया जा रहा है. ऋचा बंगाल ही नहीं पूरे भारत में सभी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा हैं’.भारतीय क्रिकेटर ऋचा घोष ने वीमेंस वर्ल्ड कप में 8 पारियों में 235 रन बनाए थे. ऋचा ने ये रन 133.52 के स्ट्राइक रेट से बनाए, जो कि इस टूर्नामेंट का बेस्ट स्ट्राइक रेट रहा. ऋचा भारतीय टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में टॉप 5 में शामिल रहीं.