होबार्ट के बाद भारत ने क्वींसलैंड में जीत दर्ज की है. टीम इंडिया ने यहां चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में ऑस्ट्रेलिया को 48 रनों से शिकस्त देकर सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है. भारत की बैटिंग कुछ खास नहीं रही, लेकिन गेंदबाजों (कहकर स्पिनर्स) ने टीम को सीरीज में बढ़त दिला दी. अक्षर पटेल को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 167/7 रन का टोटल खड़ा किया था. जवाब में मेजबान टीम 18.2 ओवर में ही 119 रन पर सिमट गई.
ऐसी रही भारत की बैटिंग
भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 168 रन का टारगेट दिया. मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही. अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने 6.4 ओवरों में 56 रन की साझेदारी की. अभिषेक 21 गेंदों में 28 रन बनाकर पवेलियन लौटे. उनकी इस पारी में 1 छक्का और 3 चौके शामिल रहे.
अर्धशतक से चूके गिल
यहां से शिवम दुबे ने शुभमन गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 32 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूती देने की कोशिश की. दुबे 18 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने गिल के साथ तीसरे विकेट के लिए 33 रन जुटाते हुए टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया. गिल 39 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 46 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सूर्या ने 10 गेंदों में 20 रन का योगदान टीम के खाते में दिया.
वाशिंगटन सुंदर ने 7 गेंदों में 2 चौकों के साथ 12 रन की पारी खेली. अंतिम ओवरों में अक्षर पटेल ने 11 गेंदों में 21 रन की नाबाद पारी खेलते हुए भारत को 167/8 के स्कोर पर पहुंचाया. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से नाथन एलिस और एडम जांपा ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि जेवियर बार्टलेट और मार्कस स्टोइनिस को 1-1 सफलताएं हाथ लगीं.