टीकमगढ़ में स्कूली बच्चों को ब्लैकमेल कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। नौवीं कक्षा के तीन छात्रों के अभिभावकों ने शुक्रवार रात कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद दो नाबालिग छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
.
अभिभावक आरके सोनी ने बताया कि उनके बेटे के साथ पढ़ने वाले दो छात्रों ने पहले उससे दोस्ती की। इसके बाद वे घर से पैसे मंगवाने लगे। जब तक बेटा पैसे देता रहा, तब तक उन्होंने कुछ नहीं कहा, लेकिन पैसे लाने से मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई। सोनी ने आरोप लगाया कि दोनों लड़कों ने उनके बेटे से अब तक करीब 45,000 रुपए ब्लैकमेल कर वसूले हैं।
थाने में अभिभावकों ने की शिकायत
आरके सोनी के अलावा, सचिन ठगन और मोना जैन ने भी इसी मामले में कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके बेटों के साथ भी इन्हीं दोनों लड़कों ने मारपीट की और ब्लैकमेल कर घर से पैसे मंगवाए।
दो नाबालिग छात्रों के खिलाफ केस दर्ज
कोतवाली थाना प्रभारी बृजेंद्र चाचौंदिया ने जानकारी दी कि आरके सोनी के बेटे की लिखित शिकायत के आधार पर दो नाबालिग छात्रों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 308(2) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के दौरान बड़ी संख्या में शहर के लोग कोतवाली थाने में जमा हो गए थे। एफआईआर दर्ज करने को लेकर पुलिस और अभिभावकों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।
