हरदा में किसानों से जैविक खेती अपनाने की अपील: कलेक्टर ने दिया नारा- “जय किसान, जय जैविक खेती, जय भारत” – Harda News

हरदा में किसानों से जैविक खेती अपनाने की अपील:  कलेक्टर ने दिया नारा- “जय किसान, जय जैविक खेती, जय भारत” – Harda News


हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में शुक्रवार को कृषि विस्तार सुधार कार्यक्रम ‘आत्मा’ एवं राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत एक कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कलेक्टर ने हरदा जिले के किसानों से जैविक खेती अपनाने की अपील की

.

कलेक्टर जैन ने किसानों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार और अगली पीढ़ी के स्वास्थ्य के लिए कम से कम एक एकड़ खेत में जैविक खेती करें। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जैविक खेती करने वाले किसानों की सूची तैयार कर हर तीन माह में पोर्टल पर अपडेट की जाए।

इस अवसर पर कलेक्टर ने शासकीय कृषि प्रक्षेत्र पानतलाई में उत्पादित चना और गेहूं के बीज किसान जयनारायण खोरे, सुभाष गुर्जर, महेशचंद्र दुबे और अशोक कटारे को वितरित किए।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर जैन ने उपस्थित किसानों को रासायनिक उर्वरकों का उपयोग न करने और जैविक खेती अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने जैविक उत्पादों के लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और सत्यशिव फार्म हाउस पानतलाई के संचालक भरत टांक के 25 एकड़ के जैविक फार्म का अवलोकन भी किया।

संगोष्ठी में प्रगतिशील जैविक और प्राकृतिक कृषक शिवनारायण चाचरे और कृषि सखी सीमा भाटी ने किसानों को प्राकृतिक व जैविक खेती का व्यावहारिक ज्ञान और अनुभव साझा किया। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. रूपचंद जाटव ने जैविक खेती की तकनीकी और मिट्टी परीक्षण के महत्व पर जानकारी दी।

कार्यक्रम में उपसंचालक कृषि जेएल. कास्दे, उप परियोजना संचालक (आत्मा) अखिलेश पटेल, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. मुकेश कुमार बंकोलिया, सहायक संचालक कृषि भागवत सिंह, विभागीय कृषि अधिकारी, डॉ. सीवी. रमन यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी, प्रगतिशील कृषक, कृषि सखी और अन्य किसान उपस्थित रहे।

देखिए तस्वीरें…



Source link