चोरी के बाद खुली पड़ी अलमारी, लाखों रुपए के गहने-नकदी चोरी।
ग्वालियर में 24 घंटे में तीन मकानों में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। चोर गिरोह ने सिटी सेंटर पटेल नगर में भांजी की शादी में गए एक रिटायर्ड अधिकारी के सूने मकान के ताले चटका कर सोने-चांदी के गहने, प्लेटिनम के जेवरात चोरी कर ले गए हैं।
.
इसके अलावा पुरानी छावनी में जिला पंचायत के विकासखंड समन्वयक अधिकारी के घर से गहने-नकदी चोरी कर ले गए हैं। तीसरी चोरी बलवंत नगर में हुई है, जहां पिता की बरसी पर गांव गए व्यक्ति के घर से चोर गहने नकदी चोरी कर ले गए हैं।
तीनों ही मामलों में शनिवार को पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरी करने वालों की तलाश में CCTV कैमरे खंगाल रही है।
दिल्ली शादी में गए थे रिटायर्ड अधिकारी, लौटे तो टूटा मिला घर का ताला
शहर के पटेल नगर में रहने वाले दीपक कुमार गुप्ता रिटायर्ड अधिकारी हैं। 6 नवंबर को दिल्ली में उनकी भांजी की शादी का समारोह था। दीपक गुप्ता, पत्नी समेत दिल्ली गए थे। घर में कोई था नहीं, क्योंकि बच्चे बाहर रहते हैं। अगले दिन उनको पता लगा कि उनके घर में चोरी की वारदात हुई है, जिस पर उन्होंने अपने छोटे भाई को घर पर भेजा था।
जब भाई उनके घर पहुंचा तो घर के ताले टूट पड़े थे। इसके बाद दीपक कुमार ग्वालियर पहुंचे हैं और पुलिस को सूचना दी। जब टीआई रविन्द्र जाटव मौके पर पहुंचे और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को ले गए। घर का सामान चेक किया तब पता चला कि चोर अलमारी का ताला तोड़कर मंगलसूत्र, सोने के मोतियों की माला, जरकन प्लेटिनम का हार, कानों के कुंडल, अंगूठी, चांदी की दो जोड़ी पायल, आठ जोड़ी बिछिया, चांदी का हार व नकदी समेट ले गए।
पुलिस ने आस-पास के CCTV कैमरे की फुटेज खंगाले तो उसमें कुछ खास नहीं मिला। पुलिस ने मामला कायम कर लिया है और चोरों की तलाश कर रही है।
लॉकर में रखे सोने-चांदी के साथ ही आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी ले गए।
विकासखंड समन्वयक अधिकारी के घर चोरी
पुरानी छावनी में खरद सिटी निवासी मुकेश शाक्य शिवपुरी जिला पंचायत में विकासखंड समन्वयक अधिकारी हैं। 4 नवंबर को वह अपने परिवार के साथ बाहर गए थे। घर की जिम्मेदारी अपने छोटे भाई केशव शाक्य को सौंप गए थे। अगले दिन केशव भी कहीं चले गए, घर पर कोई नहीं था, ताले लगे हुए थे। चोरों ने सूने घर के ताले चटका दिए।
पूरे घर की तलाशी लेने के बाद चोर की नजर कमरे के अंदर रखे पलंग पर गई। चोर ने उसमें रखा पूरा सामान निकालकर फेंक दिया। सामान के बीच पलंग के अंदर एक पर्स रखा हुआ था।
जिसमें सोने की दो अंगूठी, चांदी की पायल और नकद रुपए रखे हुए थे। चोर के हाथ सामान लगते ही, जिस रास्ते से आया था, उसी रास्ते से बाहर चला गया। सुबह जब केशव शाक्य घर पहुंचे तो पता चला कि चोरी हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ की। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
पिता की बरसी में गए थे गांव, चोर ले गए जेवरात
शहर के बलवंत नगर एक्सटेंशन गांधी रोड निवासी उपेंद्र कुमार चतुर्वेदी 6 नवंबर को अपने गांव गए थे। गांव में उनके पिताजी की बरसी का कार्यक्रम था, इसलिए घर में ताला लगाकर वह परिवार के साथ चले गए।
रात करीब 2 से 3 बजे के बीच चोर पहुंचे और उपेंद्र कुमार के घर के दरवाजे के ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखी सोने की चेन, सोने की दो अंगूठियां, कान के झुमके, चांदी की पायल व अन्य सामान ले गए।
बरसी कार्यक्रम में शामिल होकर जब वह वापस घर आए तो देखा कि ताले टूटे हुए हैं। अंदर पहुंचे तो पूरा घर अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। सामान बिखरा था। समझ गए कि चोर काम करके निकल भागे हैं। पुलिस को सूचना दी तो मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ की। सीसीटीवी में दो चोर नजर आए हैं।