टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारत का एक मैच विनर क्रिकेटर चोटिल हो गया है. बता दें कि भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 14 नवंबर से 18 नवंबर तक कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला जाएगा. सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 22 नवंबर से 26 नवंबर तक गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. टीम इंडिया के इस क्रिकेटर को BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट के तीसरे दिन चोट लग गई. सुबह के सेशन में इस क्रिकेटर को दो बार चोट लगी, पहले उनके बाएं हाथ पर और फिर कमर के पास, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा.
टीम इंडिया के लिए बुरी खबर
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट के तीसरे दिन टेस्ट क्रिकेट में वापसी से पहले ही बड़ा झटका लगा है. ऋषभ पंत इस मैच के तीसरे दिन BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में केएल राहुल के आउट होने के बाद जल्दी बल्लेबाजी के लिए उतरे. हालांकि, वह क्रीज पर सिर्फ 22 गेंद ही टिक पाए और हाथ में गेंद लगने के बाद मैदान से बाहर चले गए.
चोटिल हुआ ये स्टार क्रिकेटर
ऋषभ पंत को सुबह के सेशन में दो बार चोट लगी. पहले उनके बाएं हाथ में और बाद में शेपो मोरेकी की गेंद पर कमर के पास. अंत में उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा और उनकी जगह ध्रुव जुरेल को मैदान पर उतारा गया. तीन महीने बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी वापसी से पहले उनकी चोट ने टीम इंडिया की चिंताएं बढ़ा दी हैं. ऋषभ पंत ने अपना आखिरी टेस्ट मैच इस साल जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर मैनचेस्टर में खेला था.
ऋषभ पंत के रिकॉर्ड्स
बता दें कि ऋषभ पंत को इस साल जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर मैनचेस्टर टेस्ट के दौरान पैर में फ्रैक्चर हो गया था. दरअसल, इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट के पहले दिन ऋषभ पंत को रिवर्स स्वीप शॉट खेलते समय क्रिस वोक्स की गेंद पैर में जा लगी. इसके बाद ऋषभ पंत को पैर में फ्रैक्चर हो गया. ऋषभ पंत तब से क्रिकेट के मैदान से दूर रहे हैं. ऋषभ पंत ने भारत के लिए 47 टेस्ट मैचों में 44.51 की बेहतरीन औसत से 3427 रन बनाए हैं. ऋषभ पंत ने इस दौरान 8 शतक और 18 अर्धशतक लगाए हैं. टेस्ट मैचों में ऋषभ पंत का बेस्ट स्कोर 159 रन है.