Last Updated:
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम ने हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट में दिनेश कार्तिक की कप्तानी में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया है. यह एक अनोखा 6 ओवर के मैच का टूर्नामेंट है जिसमें 6 खिलाड़ियों की टीमें होती हैं. भारत को फेवरेट्स में से एक माना जा रहा था, लेकिन मैदान पर जो हुआ वह वाकई चौंकाने वाला था. टीम में दिनेश कार्तिक, रॉबिन उथप्पा, प्रियांक पांचाल, अभिमन्यु मिथुन, स्टुअर्ट बिन्नी, शहबाज नदीम जैसे खिलाड़ियों के बावजूद, भारत पहले चार मैचों में केवल पाकिस्तान को ही हरा सका. पाकिस्तान के खिलाफ जीत भी केवल 2 रनों के मामूली अंतर से आई, जब बारिश ने 12 ओवर का पूरा खेल नहीं होने दिया. इसके बाद कुवैत, यूएई और नेपाल के खिलाफ भारत को हार का सामना करना पड़ा.
भारत के अभियान को पहला झटका कुवैत के खिलाफ पूल सी मुकाबले में 27 रनों की हार के साथ लगा. पहले गेंदबाजी का फैसला करने के बाद भारत कुवैत की आक्रामक बल्लेबाजी को रोकने में नाकाम रहा. यासिन पटेल ने 14 गेंद में नाबाद 58 रन बनाए. इसमें अंतिम ओवर में लगातार पांच छक्के शामिल थे. इस विस्फोटक पारी के दम पर कुवैत ने 6 ओवर में 5 विकेट पर 106 का स्कोर खड़ा किया. जवाब में भारत ने जल्दी ही महत्वपूर्ण विकेट खो दिए और 5.4 ओवर में केवल 79 पर ऑलआउट हो गई. अभिमन्यु मिथुन ने सबसे ज्यादा 9 गेंद में 26 रन बनाए.