सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। चंडालभटा ग्राम के समीप तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर पत्थर से टकरा गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एक की गंभीर हालत को देखत
.
बाइक सवार परासपानी ग्राम से खेरी ग्राम जा रहे विनय मर्सकोले (20) और सौरभ गिरयाम (28) की बाइक चंडालभटा ग्राम के पास बेकाबू हो गई। बाइक सड़क पर पड़े एक पत्थर से टकराकर फिसल गई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों बाइक सवारों के सिर पर आई चोटें
दुर्घटना में दोनों बाइक सवारों के सिर, हाथ, पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना की सूचना पुलिस और 108 एम्बुलेंस को दी। एम्बुलेंस स्टाफ रोहित दुबे और संदीप श्रीवास्तव ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर में भर्ती कराया।
घंसौर में प्राथमिक उपचार के बाद, डॉक्टरों ने सौरभ गिरयाम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर घंसौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है।
टीआई बोले- बाइक फिसलने से हुआ हादसा
घंसौर थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह झारिया ने बताया कि बाइक फिसलने से हादसा हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां वाहनों और लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। सड़क पर पत्थरों के पड़े होने से ऐसी दुर्घटनाएं बढ़ने की बात भी सामने आई है। पुलिस लगातार लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील कर रही है।