T20 वर्ल्ड कप 2026 में बदल जाएगा ऑस्ट्रेलिया का कप्तान? भारत से सीरीज हारने के बाद मार्श ने दिया बयान

T20 वर्ल्ड कप 2026 में बदल जाएगा ऑस्ट्रेलिया का कप्तान? भारत से सीरीज हारने के बाद मार्श ने दिया बयान


ब्रिस्बेन में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5वां टी20 इंटरनेशनल मैच बारिश के चलते रद्द हुआ. इसी के साथ भारत ने 2-1 से सीरीज जीत ली. सीरीज गंवाने के बाद हुए प्रेजेंटेशन में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कप्तानी को लेकर अहम बयान दिया. प्रेजेंटेशन के दौरान मिचेल मार्श से पूछा गया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी कौन करेगा और क्या पैट कमिंस भी कप्तानी के दावेदार हैं. इस सवाल का जवाब देते हुए मार्श ने कहा कि मुझे लगता है, मैं ही कप्तान रहूंगा.

बदलेगा ऑस्ट्रेलिया का कप्तान?

दरअसल, ऑस्ट्रेलिया ने अमेरिका और वेस्टइंडीज में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप 2024 मिचेल मार्श की कप्तानी में खेला था. ऑस्ट्रेलिया को अफगानिस्तान से हार का सामना करना पड़ा था. टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी थी. भारत के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में हार के बाद मार्श की कप्तानी पर सवाल उठने लगे हैं. हालांकि, अपने जवाब से उन्होंने आत्मविश्वास दिखाया कि भारत और श्रीलंका में आयोजित अगले टी20 वर्ल्ड कप में भी वही ऑस्ट्रेलिया की कमान संभालेंगे.

Add Zee News as a Preferred Source


क्या कमिंस को मिलेगी कमान?

पैट कमिंस ने अपनी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को 2023 में आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे वर्ल्ड कप का खिताब दिलाया था. दोनों मौकों पर ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया था. इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप में कमिंस को ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी न देना क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ताओं द्वारा लिया गया हैरानी भरा फैसला था. देखना होगा कि कमिंस खिलाड़ी के रूप में अगले टी20 वर्ल्ड कप का हिस्सा बनते हैं या नहीं.

भारत के खिलाफ मिली टी20 सीरीज में हार के बावजूद मिचेल मार्श ने बतौर कप्तान और बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है. मार्श के टी20 करियर पर नजर डालें तो 34 साल के इस खिलाड़ी ने 81 टी20 मैचों में 1 शतक और 11 अर्धशतक लगाते हुए 2,083 रन बनाए हैं. वहीं, 17 विकेट भी ले चुके हैं. आईपीएल खेलने की वजह से मार्श को भारतीय पिचों का बेहतर अनुभव है जो टी20 वर्ल्ड कप में उनके और ऑस्ट्रेलिया के काम आ सकता है.



Source link