क्विंटन डि कॉक ने रचा इतिहास, ग्रीम स्मिथ को छोड़ा पीछे, वनडे इंटरनेशनल में बना दिया ये महारिकॉर्ड

क्विंटन डि कॉक ने रचा इतिहास, ग्रीम स्मिथ को छोड़ा पीछे, वनडे इंटरनेशनल में बना दिया ये महारिकॉर्ड


साउथ अफ्रीका के खूंखार विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डि कॉक ने शनिवार 8 नवंबर को पाकिस्तान के खिलाफ फैसलाबाद में खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान अपने हमवतन दिग्गज अफ्रीकी बल्लेबाज ग्रीम स्मिथ को पीछे छोड़ते हुए एक महारिकॉर्ड बना दिया है. क्विंटन डि कॉक ने अपने करियर में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की और वनडे इंटरनेशनल में 7,000 रन पूरे करने वाले पांचवें साउथ अफ्रीकी क्रिकेटर बन गए.

क्विंटन डि कॉक ने रचा इतिहास

क्विंटन डि कॉक ने अपनी आखिरी तीन वनडे इंटरनेशनल पारियों में 63, 123 और 53 रन के स्कोर बनाए हैं. क्विंटन डि कॉक ने साउथ अफ्रीका के लिए अभी तक 158 वनडे मैचों में 46.72 की औसत से 7009 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 22 शतक और 32 अर्धशतक ठोके हैं. वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में क्विंटन डि कॉक का बेस्ट स्कोर 178 रन है. क्विंटन डि कॉक ने अब वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में अपने हमवतन ग्रीम स्मिथ को भी पछाड़ दिया है.

Add Zee News as a Preferred Source


ग्रीम स्मिथ को छोड़ा पीछे

दिग्गज अफ्रीकी बल्लेबाज ग्रीम स्मिथ ने 194 वनडे इंटरनेशनल मैचों में 6,989 रन बनाए थे. अब क्विंटन डि कॉक ने 158 वनडे मैचों में 7,009 रन बनाते हुए ग्रीम स्मिथ को पीछे छोड़ दिया है. क्विंटन डि कॉक अब साउथ अफ्रीका के लिए वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पांचवें नंबर पर आ गए हैं. साउथ अफ्रीका के लिए वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन जैक कैलिस ने बनाए हैं. जैक कैलिस ने 323 वनडे इंटरनेशनल मैचों में 11,150 रन बनाए हैं. जैक कैलिस के बाद एबी डिविलियर्स (9,427 ODI रन), हाशिम अमला (8,113 ODI रन) और हर्शल गिब्स (8094 ODI रन) का नंबर आता है.

वनडे क्रिकेट में सातवीं बार बने प्लेयर ऑफ द सीरीज

बता दें कि क्विंटन डि कॉक ने संन्यास के बाद वनडे में वापसी करते हुए अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है. पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई तीन वनडे मैचों की सीरीज में दक्षिण अफ्रीका को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन क्विंटन डि कॉक ने अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार जीता. क्विंटन डि कॉक सातवीं बार वनडे क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज बने हैं. दक्षिण अफ्रीका के लिए वनडे में डिकॉक से ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार पूर्व कप्तान शॉन पोलॉक के नाम है. पोलॉक ने आठ बार ये खिताब जीता है.

क्विंटन डि कॉक बेहद खतरनाक बल्लेबाज

क्विंटन डि कॉक ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था. तब 30 साल के क्विंटन डि कॉक ने अपने फैसले से सभी को चौंका दिया था. इसकी एक वजह वनडे वर्ल्ड कप 2027 भी है, जिसमें दक्षिण अफ्रीका सह-मेजबान है. लेकिन, डिकॉक ने अपने फैसले पर पुनर्विचार करते हुए संन्यास से वापसी की है और अपने पुराने फॉर्म में नजर आए. 32 साल के क्विंटन डि कॉक अगले वर्ल्ड कप में विपक्षी टीमों के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं.



Source link