खुटार में महिलाओं-बच्चों की पत्थरबाजी का वीडियो सामने आया: पुलिस ने बताया- जमीनी विवाद का मामला, दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज – Singrauli News

खुटार में महिलाओं-बच्चों की पत्थरबाजी का वीडियो सामने आया:  पुलिस ने बताया- जमीनी विवाद का मामला, दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज – Singrauli News


सिंगरौली जिले के खुटार इलाके का एक वीडियो रविवार को सामने आया है। इसमें महिलाएं और बच्चे एक घर की ओर पत्थर फेंकते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने कहा कि यह घटना करीब दस दिन पुरानी है और इसका कारण जमीनी विवाद है।

.

खुटार चौकी प्रभारी शीतला यादव ने बताया कि यह मामला बीरबल बसोर (पिता भरत बसोर) और उनके रिश्ते के भाई शंकर बसोर के बीच चल रहे लंबे समय से जमीनी विवाद से जुड़ा है।

दोनों पक्ष अपने-अपने खेत की सीमा को लेकर अक्सर आमने-सामने आते रहे हैं। शंकर बसोर का दावा है कि उसकी जमीन सड़क से लगी हुई है, जबकि बीरबल बसोर उसी जमीन पर अपना अधिकार बताते हैं।

दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज

चौकी प्रभारी के अनुसार, वीडियो की जांच में पाया गया कि घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। इसके बावजूद, सार्वजनिक शांति भंग करने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने के आरोप में दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने यह भी बताया कि वीडियो में दिख रहीं महिलाएं और बच्चे भी इस विवाद का हिस्सा थे, जिन्हें पुरुषों के बीच बढ़ते तनाव के दौरान उकसाकर शामिल किया गया था।

इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि दोनों पक्षों के बीच दोबारा कोई विवाद न भड़के। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि जमीन की सीमांकन प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कराई जाए, जिससे भविष्य में किसी बड़े विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।



Source link