दतिया में दिनारा रोड पर बस और स्कूटी की टक्कर: मजदूरी पर जा रहीं तीन महिलाओं में एक की मौत, हादसे के बाद ड्राइवर फरार – datia News

दतिया में दिनारा रोड पर बस और स्कूटी की टक्कर:  मजदूरी पर जा रहीं तीन महिलाओं में एक की मौत, हादसे के बाद ड्राइवर फरार – datia News



दतिया में सिविल लाइन थाना अंतर्गत सोमवार दोपहर दिनारा रोड पर कपाली आश्रम के पास सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

.

बड़गोड़ निवासी ऊषा पाल (32) पत्नी रतन सिंह पाल अपनी चचेरी बहन भारती पाल और जीजा मुकेश पाल के साथ स्कूटी से मजदूरी करने के लिए उदगवां जा रही थीं। स्कूटी को मुकेश चला रहा था, बीच में भारती और पीछे ऊषा बैठी थीं। जैसे ही तीनों दिनारा रोड स्थित होमगार्ड तिराहे से आगे पहुंचे, उसी दौरान उदगवां की ओर से आ रही बस क्रमांक एमपी 33 पी 0582 के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में भारती पाल गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही बेहोश हो गई, जबकि मुकेश और ऊषा को भी चोटें आई। सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायलों को जिला अस्पताल दतिया पहुंचाया, जहां उपचार के बाद भारती पाल को मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित दतिया की ओर भाग गया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से मृत्यु होने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शव का दोपहर बाद पीएम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।



Source link