India Test Record In Eden Gardens: बतौर कप्तान घर में जीत का ‘शुभ’ आरंभ करने के बाद शुभमन गिल का अब कड़ा इम्तेहान होने वाला है. 14 नवंबर से टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगी. मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन के सामने शुभमन गिल की नई टीम इंडिया कैसा प्रदर्शन करती है, इसपर सबकी नजर होगी.
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट 14-18 नवंबर तक कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन मैदान पर खेला जाएगा. धमाकेदार मुकाबले से पहले आइए जानते हैं कि इस ग्राउंड पर टीम इंडिया का रिकॉर्ड कैसा रहा है.
ईडन गार्डन में कैसा है भारत का रिकॉर्ड?
कोलकाता के ईडन गार्डन स्टेडियम में टीम इंडिया का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. यही वही मैदान है जहां भारत ने 2001 में वीवीएस लक्ष्मण, राहुल द्रविड़ और हरभजन सिंह की करिश्माई प्रदर्शन के बाद ऑस्ट्रेलिया का घमंड चकनाचूर किया था. भारत ने ईडन गार्डन स्टेडियम में अब तक कुल 42 टेस्ट खेले हैं. 13 मैचों में जीत मिली है, जबकि 9 में हार का सामना करना पड़ा है. वहीं, 20 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं.
13 सालों से नहीं हारा भारत
कोलकाता के ईडन गार्डन मैदान पर पिछले 13 सालों से टीम इंडिया अपराजित रही है. 2012 में इंग्लैंड ने भारत को यहां 7 विकेट से हराया था. इसके बाद से भारतीय टीम ने ईडन गार्डन में 4 मुकाबले खेले हैं और 3 में उन्हें जीत मिली है, जबकि एक मैच ड्रॉ रहा है.
ईडन गार्डन में कैसा है साउथ अफ्रीका का रिकॉर्ड?
वहीं, बात करें साउथ अफ्रीका की तो प्रोटियाज ने ईडन गार्डन मैदान पर 3 टेस्ट खेले हैं. 2004 और 2010 में हुए मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, जबकि 1996 में इस मैदान पर दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 329 रनों से मात दी थी.
ये भी पढ़ें: ODI में बिना शतक जड़े रवींद्र जडेजा के नाम अद्भुत रिकॉर्ड, लिस्ट में दूसरा नाम देख लगेगा झटका
साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, आकाश दीप