ग्वालियर में ऑटो ने महिला को मारी टक्कर, मौत: सड़क पार करते समय हुआ हादसा, CCTV वीडियो आया सामने – Gwalior News

ग्वालियर में ऑटो ने महिला को मारी टक्कर, मौत:  सड़क पार करते समय हुआ हादसा, CCTV वीडियो आया सामने – Gwalior News



ग्वालियर में सड़क पार कर रही महिला की तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

.

घटना कंपू थाना क्षेत्र के अशोक ट्रेवल्स ऑफिस के पास 8 नवंबर, गुरुवार शाम करीब 8:30 बजे हुई थी। मृतका की पहचान शशि गुप्ता (48 वर्ष) पत्नी किशोरीलाल गुप्ता, निवासी फाटक गली, वार्ड नं. 05, लहार, जिला भिंड के रूप में हुई है।

शशि गुप्ता सड़क पार कर रही थीं, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ऑटो चालक ने लापरवाही से उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सिर के बल कुछ मीटर तक घिसटती हुई सड़क पर जा गिरीं।

इलाज के दौरान हुई माैत

इस हादसे में महिला के सिर, पसलियों और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन इलाज के कुछ घंटों बाद उनकी मौत हो गई।

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास लगे CCTV कैमरे से हादसे का फुटेज मिला है, जिसमें ऑटो चालक महिला को टक्कर मारते हुए साफ दिखाई दे रहा है।

जानकारी के अनुसार, मृतका शशि गुप्ता अपने परिवार के साथ इंदौर जा रही थीं। परिवार के सभी सदस्य बस में सवार हो चुके थे और शशि गुप्ता बस में बैठने के लिए सड़क पार कर रही थीं, तभी यह दुर्घटना हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और परिजनों की शिकायत पर अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।



Source link