PAK vs SL: श्रीलंका की टीम इन दिनों तीन वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान के दौरे पर है. दोनों टीमों के बीच पहला वनडे 11 नवंबर को खेला गया. लेकिन इस बीच एक ऐसी घटना हुई जिसने श्रीलंका को 2009 में टीम बस पर हुआ हमला याद दिला दिया. इस्लामाद में एक बम धमाका हुआ जिसके बाद श्रीलंका दौरा कैंसिल होने की कगार पर है. हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक इस धमाके के बाद मोहसिन नकवी ने एक तत्काल मीटिंग बिठाई.
नकवी ने प्लेयर्स को दिलाया भरोसा
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो मोहसिन नकवी श्रीलंका के खिलाड़ियों से मिलने भी गए और उन्हें सिक्योरिटी का भरोसा भी दिलाया. टीम की सिक्योरिटी टाइट की गई, लेकिन पाकिस्तान की सिक्योरिटी से श्रीलंका के खिलाड़ियों का भरोसा उठ गया है. एनडीटीवी के सूत्रों के अनुसार, आठ श्रीलंकाई क्रिकेटर्स ने इस्लामाबाद में हुए एक घातक बम विस्फोट के बाद सुरक्षा संबंधी चिंताएँ व्यक्त की हैं और अपने बोर्ड से दौरा रद्द करने का अनुरोध किया है.
प्लेयर्स होंगे रिप्लेस या दौरा रद्द?
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दूसरा वनडे मैच 13 नवंबर को रावलपिंडी में होने वाला है. सूत्रों ने आगे बताया कि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड इन खिलाड़ियों की जगह नए खिलाड़ियों को बुला रहा है. इससे पहले, पाकिस्तान ने मंगलवार को रावलपिंडी में हुए पहले एकदिवसीय मैच में श्रीलंका को छह रनों से हराया था. यह मैच इस्लामाबाद में हुए आत्मघाती हमले के बावजूद आयोजित किया गया था. 2009 में श्रीलंका की टीम बस पर पाकिस्तान में गोलीबारी हुई थी, जिसमें कई खिलाड़ी घायल भी हो गए थे. उस घटना का डर आज भी प्लेयर्स को डरा रहा है.
ये भी पढे़ं.. 16 साल पहले श्रीलंका टीम बस पर हुई थी गोलीबार, अब बम विस्फोट से दहली टीम, नकवी की तत्काल मीटिंग
कैसे हुआ विस्फोट?
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि हमले के बाद मेहमान टीम के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है. मंगलवार को पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित एक न्यायिक परिसर में एक शक्तिशाली विस्फोट हुआ, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई और 27 घायल हो गए. स्थानीय मीडिया ने इसे आत्मघाती हमला बताया. पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने संवाददाताओं को बताया कि आत्मघाती हमला स्थानीय समयानुसार दोपहर 12.39 बजे हुआ.