फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट से ठगी करने वाले युवक-युवती गिरफ्तार: इंस्टाग्राम रील से सीखा था तरीका, देवास पुलिस ने किया खुलासा – Dewas News

फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट से ठगी करने वाले युवक-युवती गिरफ्तार:  इंस्टाग्राम रील से सीखा था तरीका, देवास पुलिस ने किया खुलासा – Dewas News



देवास पुलिस ने एक युवक और एक महिला को गिरफ्तार किया है, जो दुकानदारों से फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट दिखाकर ठगी कर रहे थे। दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक रील देखकर यह तरीका सीखा था। पुलिस ने उनके पास से ₹1,05,200 का सामान और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

.

पहला मामला: ज्वेलर्स की दुकान पर की ठगी

5 नवंबर 2025 को यह मामला सामने आया, जब दिलीप सोनी नाम के ज्वेलर्स ने पुलिस में शिकायत की। उन्होंने बताया कि 4 नवंबर की शाम एक युवक और महिला उनकी दुकान पर आए और ₹6,700 की चांदी की पायल और दो अंगूठियां खरीदीं। दोनों ने QR कोड से भुगतान करने का दावा किया और एक नकली स्क्रीनशॉट दिखाया। जब दिलीप ने मोबाइल में भुगतान की जांच की, तो कोई पैसा नहीं आया था, लेकिन तब तक आरोपी दुकान से निकल चुके थे।

दूसरा मामला: इलेक्ट्रॉनिक दुकान से खरीदी LED TV

उसी दिन दोनों आरोपियों ने नावेल्टी चौराहा स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान से ₹18,500 की LED TV खरीदी। वहां भी उन्होंने नकली स्क्रीनशॉट दिखाकर भुगतान का झांसा दिया और सामान लेकर भाग गए।

सीसीटीवी से पहचान कर पुलिस ने पकड़ा

फरियादी की शिकायत के बाद पुलिस ने “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत शहर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इससे दोनों आरोपियों की पहचान हुई और पुलिस ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने ठगी की बात स्वीकार की और बताया कि उन्होंने यह तरीका इंस्टाग्राम की रील देखकर सीखा था।

पुलिस ने आरोपी दीपक (27) निवासी ग्राम गदईशा पिपलिया और एक महिला को गिरफ्तार किया। उनके पास से 6,700 की ज्वेलरी, 18,500 रुपए की LED TV और 80 हजार की मोटरसाइकिल सहित कुल 1,लाख 5 हजार 200 का सामान बरामद किया गया।



Source link