Ravindra Jadeja IPL Teams: दुनिया की सबसे लोकप्रिय और बड़ी T20 लीग IPL के अगले सीजन से पहले खिलाड़ियों के ट्रेड को लेकर बड़ी जानकारी सामने आ रही है. सबसे बड़ा अपडेट ये है कि स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा चेन्नई सुपर किंग्स से जुदा हो सकते हैं. इस खबर से फैंस निराश तो हैं, लेकिन ये पहली बार नहीं है जब आईपीएल में जडेजा CSK से बिछड़ने का गम झेल रहे हैं. इंडियन प्रीमियर लीग में जडेजा अभी तक 4 टीमों के साथ खेल चुके हैं. आइए उनकी आईपीएल जर्नी पर एक नजर डालते हैं.
राजस्थान रॉयल्स क साथ शुरू हुआ सफर
रवींद्र जडेजा आज दुनिया के टॉप ऑलराउडरों में गिने जाते हैं. उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में राजस्थान रॉयल्स का अहम किरदार रहा है. IPL के पहले संस्करण में आरआर ने ही उनपर भरोसा जताया था और 12 लाख रुपये में उन्हें अपनी टीम में शामिल किया. आईपीएल के पहले सीजन में ही रवींद्र जडेजा छा गए और बता दिया कि वो लंबे रेस के घोड़े हैं. आईपीएल 2008 में उन्होंने बल्ले से 430 रन बनाए और 6 विकेट भी हासिल किए. पहले सीजन में राजस्थान रॉयल्स को चैंपियन बनाने में जडेजा का अहम रोल रहा और तब टीम के कप्तान शेन वॉर्न ने उन्हें ‘रॉकस्टार’ कहा था.
बैन हुए फिर कोच्चि टस्कर्स केरल के लिए खेले
राजस्थान रॉयल्स के साथ दो सीजन (2008-2009) खेलने के बाद रवींद्र जडेजा एक साल के लिए आईपीएल से बैन हो गए. यह प्रतिबंध इसलिए लगाया गया क्योंकि जडेजा ने राजस्थान रॉयल्स के साथ अनुबंध नवीनीकरण पर हस्ताक्षर नहीं किए और इसके बजाय अपनी वर्तमान टीम को सूचित किए बिना एक अन्य फ्रैंचाइजी, मुंबई इंडियंस के साथ एक आकर्षक अनुबंध पर बातचीत करने का प्रयास किया। एक साल बैन झेलने के बाद वो नई टीम कोच्चि टस्कर्स केरल का हिस्सा बने. 2011 में कोच्चि टस्कर्स ने रवींद्र जडेजा को 4.37 करोड़ रुपये में खरीदा. इस सीजन भी उनका जलवा कायम रहा और उन्होंने 14 मैचों में 283 रन बनाए.
फिर CSK के साथ जुड़ा रिश्ता
राजस्थान रॉयल्स और कोच्चि टस्कर्स के साथ खेलने के बाद रवींद्र जडेजा का रिश्ता चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़ा. एमएस धोनी की अगुवाई में वो हर साल निखरते चले गए और देखते ही देखते फैंस की आंखों के तारे बन गए. CSK के लिए उन्होंने 186 मैच खेले और 2198 रन बनाए. उन्होंने गेंदबाजी में भी दम दिखाया और 143 विकेट चटकाए.
दो साल CSK से रहे दूर
रवींद्र जडेजा 2012 में चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े, लेकिन 2016-2017 में उन्हें इस टीम से जुदाई का गम भी झेलना पड़ा था. जब CSK की टीम दो सालों तक आईपीएल में बैन थी तब जडेजा गुजरात लायंस के लिए खेले थे. इस फ्रेंचाईजी के लिए उन्होंने 27 मैचों में 349 रन बनाए और 13 विकेट अपने नाम किया.