विक्रमोत्सव 2026: 15 फरवरी से होगा आयोजन: संभागायुक्त की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक, भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी – Ujjain News

विक्रमोत्सव 2026: 15 फरवरी से होगा आयोजन:  संभागायुक्त की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक, भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी – Ujjain News


विक्रमोत्सव 2026 की पूर्व तैयारियों को लेकर बुधवार को संभागायुक्त आशीष सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने आगामी विक्रमोत्सव के विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी दी।

.

श्री तिवारी ने बताया कि विक्रमोत्सव 2026 का शुभारंभ 15 फरवरी को होगा। इस दिन अनादिदेव शिव की कलाओं का शिवार्चन किया जाएगा, जो प्रदेश के सभी शिवरात्रि मेलों का शुभारंभ भी होगा। प्रातः 11 बजे एक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।

शुभारंभ कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकार शंकर महादेवन, एहसान, लॉय, विशाल मिश्रा, सोनू निगम और प्रीतम अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अतिरिक्त, कई लोकप्रिय कलाकारों द्वारा ‘शिवोहम’ की विशेष प्रस्तुति भी दी जाएगी।

इसी दिन विक्रमादित्य और अयोध्या, आर्ष भारत, 84 महादेव तथा जनजातीय देवलोक (रेप्लिका) पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में विक्रम व्यापार मेले का भी शुभारंभ होगा, जिसमें फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज, विभिन्न माध्यमों के पारंपरिक शिल्प, हथकरघा और टेक्सटाइल प्रदर्शनियां शामिल होंगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में 22 फरवरी से 2 मार्च तक विक्रम नाट्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। 27 फरवरी से 18 मार्च तक उज्जैन हाट बाजार में स्थानीय सांस्कृतिक मंडलियों द्वारा प्रतिदिन प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस अवधि में शिल्प कार्यशाला और मालवी कलम कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी।

विक्रमोत्सव को लेकर संभागायुक्त आशीष सिंह की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया।

वैचारिक समागम के तहत 28 फरवरी से 1 मार्च तक विक्रमादित्य के न्याय पर केंद्रित कार्यक्रम होंगे। 7 मार्च को स्थानीय बोलियों का कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें सम्राट विक्रमादित्य पर केंद्रित रचनाओं का समावेश होगा।

उत्सव के दौरान 13 से 17 मार्च तक पौराणिक फिल्मों का अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव होगा। 17 और 18 मार्च को ‘महाकाल पृथ्वी का समय’ विषय पर एक शोध संगोष्ठी आयोजित की जाएगी।

19 मार्च को सृष्टि आरंभ दिवस नववर्ष प्रतिपदा के अवसर पर उज्जैन का गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस दिन प्रातःकाल रामघाट और दत्त अखाड़ा घाट पर सूर्योपासना की जाएगी। प्रदेश के सभी जिलों में भी विक्रमोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

विक्रमोत्सव का मुख्य समापन कार्यक्रम 19 मार्च को शाम 7 बजे शिप्रा नदी के तट पर आयोजित होगा। इस समारोह में सम्राट विक्रमादित्य अलंकरण प्रदान किए जाएंगे तथा विक्रम पंचांग 2082-83 और आर्ष भारत के द्वितीय संस्करण का लोकार्पण किया जाएगा। सुप्रसिद्ध कलाकार मोहित चौहान, सुनिधि चौहान और शंकर महादेवन अपनी सांगीतिक प्रस्तुतियां देंगे। रामघाट पर भव्य आतिशबाजी भी की जाएगी।



Source link