विदिशा में कचरे से खाना खाती महिला का रेस्क्यू: वन स्टॉप सेंटर में शिफ्ट, डॉक्टर बोले- मानसिक रूप से अस्वस्थ है – Vidisha News

विदिशा में कचरे से खाना खाती महिला का रेस्क्यू:  वन स्टॉप सेंटर में शिफ्ट, डॉक्टर बोले- मानसिक रूप से अस्वस्थ है – Vidisha News



विदिशा में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने कार्रवाई की। इस वीडियो में एक महिला कचरे से खाना खाती हुई दिखाई दे रही थी। जांच में यह मामला विदिशा का पाया गया, जिसके बाद विभाग ने महिला का रेस्क्यू किया।

.

जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीता लोढ़ा ने बताया कि जिला प्रशासन की टीम ने मंगलवार को महिला को रेस्क्यू कर विदिशा के वन स्टॉप सेंटर पहुंचाया। इस सेंटर में पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं के लिए भोजन, आवास और देखभाल की व्यवस्था की जाती है।

वन स्टॉप सेंटर की टीम महिला को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज विदिशा ले गई। डॉक्टरों ने बताया कि महिला की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष है और वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। प्राथमिक जांच में उसे सिजोफ्रेनिया होने की पुष्टि हुई है। डॉक्टरों ने आगे के इलाज के लिए महिला को ग्वालियर रेफर करने की सलाह दी है।

विनीता लोढ़ा ने यह भी बताया कि विदिशा में बेसहारा लोगों के लिए रेन बसेरा संचालित है, जहां वे निशुल्क रह सकते हैं। इसके अलावा, दीनदयाल रसोई में बहुत कम दर पर भोजन उपलब्ध कराया जाता है।

उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी पीड़ित महिला या बालिका की ऐसी स्थिति दिखे तो उसका वीडियो वायरल न करें। इसके बजाय, तत्काल पुलिस, प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग या नगर पालिका को सूचना दें, ताकि पीड़िता की निजता सुरक्षित रहे और उसे उचित सहायता मिल सके।



Source link