बालाघाट में स्कूटी दुर्घटना में घायल एक महिला की बुधवार को मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण महिला का ऑपरेशन नहीं कराया जा सका, जिसके चलते उन्हें बिना ऑपरेशन के जिला अस्पताल लाया गया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
.
कुत्ते को बचाने में पलटी थी स्कूटी
मलाजखंड थाना क्षेत्र के सायल निवासी तीरथसिंह मरकाम ने बताया कि 7 नवंबर को वह अपनी पत्नी भानुमति के साथ स्कूटी से बेटी के ससुराल बीजाटोला जा रहे थे। बछेरापाठ गांव के रास्ते में एक कुत्ते को बचाने के चक्कर में उनकी स्कूटी बेकाबू होकर पलट गई।
इस हादसे में तीरथसिंह और उनकी पत्नी भानुमति घायल हो गए। भानुमति को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें बिरसा अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए बालाघाट के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में तोड़ा दम
बालाघाट से भी हालत गंभीर होने पर भानुमति को गोंदिया रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, ऑपरेशन का खर्च अधिक बताए जाने के कारण परिजन उन्हें गोंदिया से बालाघाट के जिला अस्पताल ले आए। यहीं इलाज के दौरान बुधवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
दंपत्ति की एक बेटी और बेटा
दंपत्ति की एक बेटी है और एक छोटा बेटा है। घटना के बाद अस्पताल चौकी पुलिस ने डॉक्टर की तहरीर पर शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई की। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की आगे की जांच संबंधित थाना पुलिस करेगी।