भोपाल. मध्य प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड का दौर देखा जा रहा है. इस दौरान मैदानी इलाकों में पारा तेजी से घटता नजर आ रहा है. शहडोल, अनूपपुर, शाजापुर, राजगढ़ के अलावा भोपाल और इंदौर जैसे बड़े जिलों का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से कम बना हुआ है. शहडोल के कल्याणपुर में सोमवार-मंगलवार की रात पारा सबसे कम 7.5° रिकॉर्ड किया गया है. वहीं प्रदेश के 8 जिलों में तीव्र शीतलहर का अलर्ट जारी है. दूसरी ओर राजगढ़ में शीतलहर का प्रकोप देखा जा रहा है.
पिछले 24 घंटे के दौरान बालाघाट के मलाजखंड में शीतल दिन देखा गया. वहीं इंदौर और रीवा संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री तक कम रिकॉर्ड हुआ. हालांकि सबसे अधिक तापमान गुना जिले में 30.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ. राजधानी भोपाल में भी नवंबर माह के पहले पखवाड़े में रिकॉर्ड स्तर पर तापमान रिकॉर्ड किया जा रहा है. वहीं मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों में हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में शीतलहर और ठंड के रूप में देखने को मिल रहा है.
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार, वर्तमान समय में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में उत्तरी पंजाब और उसके आसपास के क्षेत्र में बना हुआ है. साथ ही एक ट्रफ भी अभी सक्रिय हुआ है. मौसम विभाग का कहना है कि शीत लहर से बचने के लिए सुबह के समय वॉक सूरज उगने के बाद ही करें. साथ ही ऊनी वस्त्रों का उपयोग भी बुजुर्गों और बच्चों के लिए बेहद जरूरी है.
मौसम विभाग ने प्रदेश के 22 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है. इसमें मुख्य रूप से भोपाल, इंदौर, राजगढ़, जबलपुर, शहडोल, सतना, पन्ना और छतरपुर में तीव्र शीतलहर का अलर्ट जारी किया है. वहीं उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, देवास, छिंदवाड़ा, बैतूल, बालाघाट, टीकमगढ़, निवाड़ी, रीवा, मऊगंज, सीधी, मैहर और कटनी जैसे जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी है.
तापमान का ताजा हाल
अधिकतम तापमान: खजुराहो (छतरपुर) – 31°C (सबसे ज्यादा), नर्मदापुरम – 30.6°C, उज्जैन – 30.5°C, खंडवा – 30.1°C, गुना – 29.8°C
न्यूनतम तापमान: कल्याणपुर (शहडोल) – 7.5°C (सबसे कम), अमरकंटक (अनूपपुर) – 7.8°C, गिरवर (शाजापुर) – 7.9°C, राजगढ़ 8°C, भोपाल – 8.3°C
कैसा रहा बड़े शहरों का पारा
उज्जैन – 29.5°C
ग्वालियर – 29.4°C
भोपाल – 28.8°C
इंदौर – 28°C
जबलपुर – 27.3°C