पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व (ताला) पहुंचे। वे कटनी के दद्दा धाम जाने से पहले यहां रुके थे।
.
इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिरसा मुंडा का समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान था। उनकी 150वीं जयंती पूरे भारत में मनाई जाएगी, जिसके पहले जन जागरूकता कार्यक्रम भी किए जा रहे हैं।
कुलस्ते ने बताया कि बिरसा मुंडा ने समाज के लिए संघर्ष किया और ‘जंगल, जल, जमीन’ की लड़ाई लड़ी। इस जयंती को मनाने की योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2021 में शहडोल से शुरू की थी। उन्होंने यह भी बताया कि वे सिवनी में और मुख्यमंत्री मोहन यादव जबलपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
बिहार चुनाव पर बात करते हुए सांसद कुलस्ते ने दावा किया कि वहां एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि वे पटना और आसपास के क्षेत्रों में चुनाव प्रचार में शामिल थे।
कुलस्ते के अनुसार, एनडीए ने मिलकर चुनाव लड़ा है और नेपाल सीमा से लगे क्षेत्रों में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भरोसा जताया है, जिसके परिणामस्वरूप सरकार पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि जनता ने विकास के साथ-साथ लाड़ली बहन योजना का लाभ मिलने पर भी विश्वास व्यक्त किया है।