भिंड में दिन में भी सर्दी का अहसास: सुबह-रात के तापमान में दोगुना का अंतर, 5 किमी की रफ्तार से चली हवा – Bhind News

भिंड में दिन में भी सर्दी का अहसास:  सुबह-रात के तापमान में दोगुना का अंतर, 5 किमी की रफ्तार से चली हवा – Bhind News



भिंड में अब दिन के समय भी सर्दी का असर महसूस किया जाने लगा है। गुरुवार को हालांकि धूप खुली रही, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण गर्माहट का असर कम ही रहा। सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट के चलते लोग अब पूरी तरह सर्दी के मौसम में ढलते नजर आने लगे हैं।

.

नवंबर के दूसरे पखवाड़े में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं का असर साफ देखा जा रहा है। गुरुवार को दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुबह 6 बजे न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा।

5 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं हवाएं मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को दिनभर में हवाएं लगभग 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं और आद्रता 53 फीसदी रही। धूप का असर दिन में कुछ समय तक रहा, लेकिन तीव्रता मध्यम रहने से गर्मी का अहसास नहीं हुआ।

छतों पर धूप सेक रहे लोग ठंडी हवाओं के बीच लोग अब घरों की छतों और आंगनों में धूप सेकते दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ ही शहर में जगह-जगह रजाई और गद्दे भरने का काम भी शुरू हो गया है।

दिसंबर के पहले हफ्ते से बढ़ेगी ठंड सूर्यास्त साढ़े पांच बजे से पहले हो जाने के कारण अब शाम जल्दी ढलने लगी है, जिससे रात में ठंड बढ़ रही है। मौसम विशेषज्ञों ने अनुमान जताया है कि दिसंबर के पहले सप्ताह से तापमान में और गिरावट होगी तथा उत्तर भारत की ठंडी हवाएं भिण्ड की ओर रुख करेंगी।

अस्पतालों में बढ़े सर्दी-खांसी के मरीज बदलते मौसम का असर स्वास्थ्य पर भी देखा जा रहा है। शहर के सरकारी अस्पतालों से लेकर निजी क्लीनिकों तक सर्दी-जुकाम और खांसी के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

डॉक्टरों की सलाह- बच्चों का रखें ख्याल डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि सुबह-शाम के समय बच्चों को गर्म कपड़ों में रखें, ठंडी हवाओं से बचाएं और नियमित रूप से गरम पानी का सेवन कराएं।



Source link