.
शहर के टाउन बिजली कार्यालय परिसर बुधवार को भक्ति, उल्लास और श्रद्धा का केंद्र बन गया। यहां नवनिर्मित गणेश मंदिर में गणपति बप्पा की प्राण-प्रतिष्ठा के लिए पंच दिवसीय अनुष्ठान का शुभारंभ जलाधिवास अनुष्ठान से हुआ। पहले दिन गणपति की सुंदर प्रतिमा रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकली।
भव्य कलश यात्रा की शुरुआत मनकानेश्वर मंदिर से दोपहर करीब 12 बजे हुई। ढोल-ढमाकों और गाजे-बाजों की ताल पर जब महिलाएं सिर पर कलश लिए आगे बढ़ीं और पुरुष-बालक “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारे लगाते हुए चले, तो पूरा मार्ग भक्तिरस में सराबोर हो गया। रथ पर सजी गजानन की मनमोहक प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। नगर भ्रमण के उपरांत शोभायात्रा नवनिर्मित मंदिर परिसर पहुंची, जहां वैदिक विधि-विधान से जलाधिवास अनुष्ठान संपन्न हुआ। आयोजक विद्युतकर्मियों एवं नगरवासियों ने बताया कि गुरुवार को अन्नाधिवास (सप्तधान) और रविवार को महाअभिषेक, पूर्णाहुति व 56 भोग प्रसादी के साथ गणपति की प्राण-प्रतिष्ठा सम्पन्न होगी।