छतरपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने शुक्रवार को गिरोह के सरगना शाकिर मंसूरी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 16 लाख रुपए से अधिक
.
गिरफ्तार आरोपियों में ललितपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी शाकिर मंसूरी, छतरपुर के कुपी निवासी आशीष यादव, डोंगरपुर निवासी महिपाल सिंह उर्फ भैया और ग्राम सादनी (वर्तमान खजुराहो) निवासी नीरज विश्वकर्मा शामिल हैं।
गिरोह के सरगना शाकिर मंसूरी पर चोरी और अवैध हथियार के 20 से अधिक मामले दर्ज हैं। आशीष पर मारपीट के दो प्रकरण, जबकि नीरज और महिपाल पर आबकारी संबंधी अपराध पहले से दर्ज हैं।
बरामद की गई 21 मोटरसाइकिलें छतरपुर, खंडवा, पन्ना, रायसेन, सागर और भोपाल जिलों से चोरी की गई थीं। इनमें हीरो एचएफ डीलक्स, होंडा लीवो, शाइन, बजाज प्लैटिना, डिस्कवर, हीरो पैशन प्रो, सीडी डॉन और स्प्लेंडर जैसे विभिन्न मॉडल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह चोरी की मोटरसाइकिलों को महिपाल सिंह के माध्यम से गिरवी रखकर पैसे कमाता था।
जिला अस्पताल और अन्य स्थानों से लगातार हो रही बाइक चोरी की शिकायतों के बाद कोतवाली पुलिस ने कई मामले दर्ज किए थे। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाए, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर छापेमारी की। निगरानी में आए शाकिर मंसूरी से पूछताछ के बाद पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।
छतरपुर पुलिस के लिए यह वर्ष 2025 की अब तक की एक बड़ी उपलब्धि है। इस साल पुलिस अब तक 6 से अधिक बड़े गिरोहों को पकड़ चुकी है और 115 से अधिक मोटरसाइकिलें बरामद कर चुकी है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।