बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की जीत के बाद बालाघाट में भी जश्न का माहौल देखा गया। एनडीए ने 200 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज कर नया रिकॉर्ड बनाया है, जबकि विपक्षी महागठबंधन को सीटों का बड़ा नुकसान हुआ है।
.
बालाघाट स्थित भाजपा कार्यालय में आयोग सदस्य मौसम हरिनखेड़े और नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस जीत का जश्न मनाया।
कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। उन्होंने कार्यालय के सामने से गुजर रहे राहगीरों को भी मिठाई खिलाकर एनडीए की जीत की खुशी साझा की। इस दौरान, कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया और अपनी खुशी का इजहार किया।
एनडीए की नीति, नेतृत्व और नीयत की जीत
आयोग सदस्य मौसम हरिनखेड़े ने इस अवसर पर कहा कि यह जीत किसी एक कारक का परिणाम नहीं है, बल्कि यह एनडीए की नीति, नेतृत्व और नीयत की जीत है। उन्होंने जोर दिया कि देश में एनडीए कई वर्षों से विकास के इरादे से काम कर रहा है, जिसे बिहार की जनता ने स्वीकार किया है।
हरिनखेड़े के अनुसार, यह सरकार की कुशल नीतियों और जनता के विश्वास का परिणाम है, जो 2014 के बाद एनडीए नेतृत्व ने अपनी कार्यशैली से हासिल किया है।
