मंडला में खुला 25वां डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र: पीएचई मंत्री बोलीं-यह बड़ी उपलब्धि, अब लोगों को इसके लिए भोपाल-जबलपुर नहीं जाना पड़ेगा – Mandla News

मंडला में खुला 25वां डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र:  पीएचई मंत्री बोलीं-यह बड़ी उपलब्धि, अब लोगों को इसके लिए भोपाल-जबलपुर नहीं जाना पड़ेगा – Mandla News


मंडला में 25वां डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र खुल गया है।

मंडला में मध्य प्रदेश का 25वां डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र शुरू हो गया है। विदेश मंत्रालय और डाक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को इसका शुभारंभ किया गया।

.

पीएचई मंत्री संपतिया उईके और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने शिलापट्ट का अनावरण और फीता काटकर इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिले की पहली पासपोर्ट वाटिका का भी शुभारंभ हुआ।

पीएचई मंत्री बोलीं-जिले के लिए यह बड़ी उपलब्धि

मंत्री संपतिया उईके ने कहा कि मंडला में पासपोर्ट सेवा का शुरू होना एक बड़ी उपलब्धि है। अब जिले के लोगों को पासपोर्ट संबंधी कार्यों के लिए जबलपुर या भोपाल नहीं जाना पड़ेगा, जिससे उनके समय और धन दोनों की बचत होगी।

उन्होंने इसे विकास की एक और सीढ़ी बताया और कलेक्टर सोमेश मिश्रा की विशेष भूमिका की सराहना की। मंत्री ने रेल नेटवर्क बढ़ाने और मंडला फोर्ट तक ट्रेन संचालन के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

सांसद बोले- जिले में ही आसानी और तेजी से बनेगा पासपोर्ट

सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि यह सेवा केंद्र युवाओं, विद्यार्थियों और विदेश यात्रा की तैयारी कर रहे लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी होगा। पासपोर्ट की पूरी प्रक्रिया अब जिले में ही आसानी और तेजी से पूरी की जा सकेगी। उन्होंने महानगरों से संपर्क बढ़ाने के लिए मंडला फोर्ट तक रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने के प्रयासों पर भी जोर दिया।

विदेश मंत्रालय के निदेशक एस. कोवेंथन ने बताया कि मंडला में स्थापित पासपोर्ट वाटिका प्रदेश में अपनी तरह की एक अनोखी सुविधा है।

नागरिकों को पासपोर्ट सेवाएं उनके घर के पास ही मिलेंगी

जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम और विधायक चैनसिंह वरकड़े ने भी इस केंद्र के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इससे मंडला और डिंडौरी के नागरिकों को पासपोर्ट सेवाएं उनके घर के पास ही मिलेंगी। दस्तावेजों की जांच, फोटो और बायोमेट्रिक की पूरी प्रक्रिया यहीं पूरी होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

पीएचई मंत्री और सांसद ने शिलापट्ट का अनावरण और फीता काटकर इसका उद्घाटन किया।

पीएचई मंत्री और सांसद ने शिलापट्ट का अनावरण और फीता काटकर इसका उद्घाटन किया।

इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, विधायक चैनसिंह वरकड़े, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, विदेश मंत्रालय के निदेशक (पीएसपी) एस. कोवेंथन, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शितांशु चौरसिया और पोस्टमास्टर जनरल ब्रजेश कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



Source link