India vs South Africa 1st Test: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज शुक्रवार (14 नवंबर) को शुरू हुई. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में साउथ अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. इस दौरान भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बताया कि मैच में साई सुदर्शन नहीं खेल रहे हैं. इसके अलावा टीम की लिस्ट में तीसरे नंबर पर ऑलरउंडर वॉशिंगटन सुंदर का नाम लिखा हुआ था. इससे सोशल मीडिया पर खलबली मच गई और कोच गौतम गंभीर की चौतरफा आलोचना होने लगी.
नंबर-3 का म्यूजिकल चेयर
पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा ने भारतीय टीम प्रबंधन द्वारा कोलकाता टेस्ट में साई सुदर्शन को मौका न देने और उन्हें टीम से बाहर करने के फैसले की कड़ी आलोचना की है. भारत ने मैच में चार स्पिनरों के साथ खेलने का अजीब फैसला लिया, जिस कारण सुदर्शन को टीम में जगह नहीं मिली और अक्षर पटेल को मौका मिला. सुदर्शन को पहली बार इंग्लैंड दौरे पर तीसरे नंबर पर उतारा गया था, लेकिन पहले टेस्ट के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया. करुण नायर का तीसरे नंबर पर प्रयोग विफल होने के बाद भारत ने तमिलनाडु के इस बल्लेबाज को चुना और वेस्टइंडीज सीरीज में उन्होंने इसी नंबर पर खेला. दिल्ली में हुए मैच में सुदर्शन ने 87 रन बनाए, जिससे आलोचकों का मुंह बंद हो गया. उन्होंने संकेत दिया कि उन्हें इस नंबर पर लंबे समय तक क्यों रखा जाना चाहिए था.
ये भी पढ़ें: IND vs SA: रिकेल्टन-मार्करन ने खत्म किया 17 सालों का सूखा, फिर बुमराह ने बरपाया कहर, दिन में दिखा दिए तारे
आकाश का फूटा गुस्सा
सुदर्शन को टीम से बाहर करने का फैसला आकाश चोपड़ा को रास नहीं आया और उन्होंने पूछा कि अगर उन्हें कोलकाता टेस्ट में जगह नहीं मिलनी थी, तो उन्हें टीम में रखा ही क्यों गया. आकाश ने कहा, ”अगर आप दिल्ली में साई सुदर्शन के प्रदर्शन के बाद उनकी बल्लेबाजी से संतुष्ट नहीं हैं, तो फिर उन्हें टीम में क्यों रखा गया है? उन्हें टीम में क्यों रखा गया है? ऐसा नहीं हो सकता कि सिर्फ पंद्रह खिलाड़ियों की जरूरत होने पर आप उन्हें टीम में शामिल कर लें, भले ही आपको उन पर भरोसा न हो. ऐसा नहीं होता. इसलिए उनकी सोच मुझे समझ नहीं आती.”
ये भी पढ़ें: Shocking: गौतम गंभीर ने नंबर-3 बैटर को किया बाहर, कोलकाता टेस्ट में 2 चौंकाने वाले बदलाव, प्लेइंग-11 में 4 स्पिनर
नंबर 3 पर प्रयोग जारी
राहुल द्रविड़ और चेतेश्वर पुजारा के नंबर 3 पर शानदार प्रदर्शन के बाद से भारत को इस स्थान के लिए सही खिलाड़ी ढूंढने में काफी मशक्कत करनी पड़ी है. हालांकि, मौजूदा कप्तान शुभमन गिल को सफलता मिली, लेकिन विराट कोहली के संन्यास के बाद उन्होंने नंबर 4 पर खेलने का फैसला किया. चोपड़ा का मानना है कि इस स्थान को लेकर म्यूजिकल चेयर का यह चलन जारी नहीं रह सकता और टीम प्रबंधन को भविष्य के लिए खिलाड़ियों को तैयार करना शुरू करना होगा. अब तक सुदर्शन ने नंबर 3 पर पांच मैचों में 30.33 की औसत से 273 रन बनाए हैं और दो अर्धशतक भी लगाए हैं.