IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहले टेस्ट मैच का मजा पिच के चलते किरकिरा हो गया. बल्लेबाजों के लिए कोलकाता के ईडन गार्डन्स की पिच कब्रगाह साबित हुई. दोनों टीमों के बल्लेबाज रनों के लिए तरसते नजर आए. दूसरे दिन कुल 15 विकेट गिरे जिसके चलते पूर्व इंग्लिश क्रिकेटर ने कोलकाता की पिच की आलोचना कर दी. पहले टीम इंडिया 189 रन के स्कोर पर सिमट गई फिर कुछ घंटों में साउथ अफ्रीका की टीम भी ताश के पत्तों की तरह बिखरती नजर आई.
2 दिन में गिरे 26 विकेट
पूर्व इंग्लैंड क्रिकेटर माइकल वॉन ने ईडन गार्डन्स की पिच की आलोचना करते हुए इसे ‘बेहद खराब’ बताया है. दो दिनों में 26 विकेट गिर गए और भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट तीन दिन में समाप्त होने की ओर बढ़ रहा है. इस पिच पर स्पिनर्स बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटते दिख रहे हैं. दूसरे दिन रवींद्र जडेजा की फिरकी का जलवा देखने को मिला.
100 रन को तरस रही अफ्रीका
रवींद्र जडेजा ने दूसरे दिन चार विकेट चटकाए और प्रोटियाज के शीर्ष और मध्यक्रम को ध्वस्त कर दिया. मेहमान टीम 100 के स्कोर के लिए तरसती नजर आई. दूसरे दिन के खेल तक अफ्रीका की टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 93 रन बोर्ड पर टांग दिए हैं. पूर्व भारतीय क्रिकेटर अनिल कुंबले ने दिन में पहले कमेंट्री में कहा था, ‘यह पिच अपने कोण और दरारों के कारण दाएं हाथ के बल्लेबाजों के लिए खतरनाक होगी, लेकिन बाएं हाथ के बल्लेबाज बेहतर खेल सकते हैं क्योंकि उनकी तरफ कोई दरार नहीं है.’ माइकल वॉन ने सीधे एक्स पर पोस्ट कर कोलकाता की पिच को खराब बताया. वहीं यूजर्स भी इस पिच की आलोचना करते दिखे.
ये भी पढे़ं.. ‘4-5 साल दबाकर रन बनाए..’ टीम इंडिया से नजरअंदाज होने पर बोले सरफराज खान, डंके की चोट पर अगरकर पर कसा तंज
नहीं लगा एक भी अर्धशतक
लगभग बल्लेबाजी की तीन पारियां खत्म होने को हैं, लेकिन अभी तक किसी बल्लेबाज से अर्धशतक तक देखने को नहीं मिला है. दूसरे दिन के खेल तक टॉप स्कोरर केएल राहुल हैं जिन्होंने 39 रन बनाने के लिए 119 गेंदे लीं. वहीं, एडेन मारक्रम ने 31 रन बनाए जबकि ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा भी 27-27 रन बना गए. अब देखना दिलचस्प होगा कि भारत को अफ्रीका तीसरे दिन कितना लक्ष्य देती है. कोलकाता में कभी भी टेस्ट में 120 रन का लक्ष्य चेज नहीं हुआ है.