दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र की फुटेराकला चौकी में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) आनंद कुमार इन दिनों शिक्षक की भूमिका में भी नजर आ रहे हैं। वे चौकी परिसर में गांव के स्कूल छोड़ चुके बच्चों को पढ़ा रहे हैं। उनके इस प्रयास से स्थानीय ग्रामीण काफ
.
हाल ही में दमोह कलेक्टर सुधीर कोचर एसआईआर सर्वेक्षण कार्य के निरीक्षण के लिए गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों ने उन्हें एएसआई आनंद के इस सामाजिक कार्य की जानकारी दी। इसके बाद कलेक्टर आनंद कुमार से मिलने चौकी पहुंचे और उनके प्रयासों की सराहना की।
कलेक्टर ने कहा कि ऐसे सामाजिक और बेहतर कार्य करने वालों को प्रशासनिक स्तर पर सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी एसके नेमा को एएसआई आनंद को प्रशंसा पत्र से सम्मानित करने के निर्देश भी दिए।
एएसआई आनंद कुमार ने बताया कि गांव में कुछ ऐसे बच्चे हैं जिनके माता-पिता मजदूरी के लिए बड़े शहरों में चले जाते हैं, जिसके कारण वे स्कूल नहीं जा पाते। उन्होंने इन बच्चों को एक साथ लाकर चौकी परिसर में ही स्कूल की तरह पढ़ाने का प्रयास किया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो और अगले साल इन सभी बच्चों को नियमित रूप से स्कूल में दाखिला मिल सके।
चौकी परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और शाम 5 बजे से 6 बजे तक कक्षाएं लगाई जा रही हैं। इन कक्षाओं में बच्चे पढ़ाई करते हैं। पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें चौकी परिसर में ही खेलकूद भी सिखाया जा रहा है। शाम के समय बच्चों को खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल और बैडमिंटन जैसे खेल भी सिखाए जाते हैं।

