खेतों में धान की नरवाई जलाई जा रही है।
नर्मदापुरम जिले में धान की नरवाई जलाने के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। प्रशासन ने अब तक 4 एफआईआर दर्ज की हैं और 300 से ज्यादा किसानों पर जुर्माना लगाया है।
.
जिले में प्रशासन बेलर मशीन से बंडल और भूसा मशीन से भूसा तैयार करवा रहा है, ताकि किसान नरवाई न जलाएं। इसके बावजूद कई गांवों में रोजाना खेतों में नरवाई जलाई जा रही है, जिससे जिले की छवि खराब हो रही है।
इस बारे में सांसद से सवाल किया गया। सांसद दर्शन सिंह चौधरी से पूछा गया कि सबसे ज्यादा पराली जलाने के मामले नर्मदापुरम से क्यों सामने आते हैं और वह किसान नेता के रूप में क्या प्रयास कर रहे हैं? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार पूरे प्रबंध कर रही है, किसान भी जागरूक हैं। उचित हल मिलेगा। किसानों को समझाइश दे रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि किसानों को अगली फसल की तैयारी भी करना है और बोवनी भी करना है। सांसद चौधरी गोलमोल जवाब देकर जवाबदारी से पल्ला झाड़ते नजर आएं।
भाजपा सांसद दर्शन सिंह चौधरी।
किसान नेता से सांसद बने थे चौधरी
दर्शन सिंह चौधरी पहले भारतीय किसान संघ से जुड़े थे और बाद में बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे। किसान नेता की पहचान के आधार पर उन्हें लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया गया था। जहां से चुने जाने के बाद संसद पहुंचे।
माखननगर में 50 किसानों पर 3 लाख जुर्माना
नर्मदापुरम के माखननगर में नरवाई जलाने के 50 मामले सामने आए। इन पर 3 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। ग्राम आंचलखेड़ा और प्रेमतला में 2 किसानों पर एफआईआर दर्ज हुई है। तहसीलदार महेंद्र चौहान के अनुसार, सैटेलाइट लोकेशन से खेत चिन्हित कर कार्रवाई की गई और रिपोर्ट के आधार पर SDM ने जुर्माना लगाया।

नरवाई जलाने के मामले में दो किसानों पर एफआईआर।
जुर्माना न भरने पर कुर्की होगी
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जो किसान जुर्माना नहीं भरेंगे, उनकी चल-अचल संपत्ति कुर्क की जाएगी। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि जानबूझकर आग लगाने पर एफआईआर निश्चित रूप से होगी।