India vs South Africa 1st Test: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है. भारत के स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए और 12 रन बनाकर आउट हो गए. यशस्वी जायसवाल के इस दौरान 3 चौके लगाए. 12 रन बनाकर भी यशस्वी जायसवाल ने अपना नाम इतिहास के सुनहरे पन्नों में दर्ज करा लिया.
यशस्वी ने टेस्ट में तोड़ा सचिन का ये धांसू रिकॉर्ड
यशस्वी जायसवाल ने टेस्ट क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है. टेस्ट क्रिकेट में शुरुआती 50 पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में 23 साल के यशस्वी जायसवाल ने सचिन तेंदुलकर जैसे महान बल्लेबाज को भी पछाड़ दिया है. यशस्वी जायसवाल ने अपने शुरुआती 27 टेस्ट मैचों की 50 पारियों में 50.83 की औसत से 2440 रन बनाए हैं. टेस्ट क्रिकेट में यशस्वी जायसवाल ने 2 दोहरे शतक समेत 7 शतक और 12 अर्धशतक ठोके हैं. टेस्ट क्रिकेट में यशस्वी जायसवाल का बेस्ट स्कोर 214 रन है.
जायसवाल ने इतिहास में दर्ज किया अपना नाम
सचिन तेंदुलकर की बात करें तो उन्होंने अपनी शुरुआती 50 टेस्ट पारियों में 2415 रन बनाए थे. इस तरह 12 रन बनाकर यशस्वी जायसवाल ने सचिन तेंदुलकर का ये बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है. अपनी शुरुआती 50 टेस्ट पारियों के बाद भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का कमाल पूर्व ओपनर गौतम गंभीर ने किया है. गौतम गंभीर ने अपने करियर की शुरुआती 50 टेस्ट पारियों में 2692 रन बनाए थे. वहीं, दूसरे नंबर पर काबिज राहुल द्रविड़ ने 2540 रन बनाए थे.
कोलकाता टेस्ट में अभी तक क्या-क्या हुआ?
बता दें कि कोलकाता टेस्ट का पहला दिन पूरी तरह भारत के नाम रहा. दिन की समाप्ति के समय भारत ने 1 विकेट के नुकसान पर 37 रन बना लिए थे. केएल राहुल 13 और वॉशिंगटन सुंदर 6 रन पर नाबाद हैं. एकमात्र विकेट यशस्वी जायसवाल का गिरा है. जायसवाल 12 रन बनाकर आउट हुए. इससे पहले साउथ अफ्रीका के कप्तान टेंबा बवुमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. एडन मार्करम और रेयान रिकल्टन की जोड़ी ने टीम को मजबूत शुरुआत दी थी और पहले विकेट के लिए 57 रन जोड़े थे. लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद दक्षिण अफ्रीका की पारी लड़खड़ा गई और 55 ओवर में 159 रन पर सिमट गई.