शाजापुर जिले में शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस उपलक्ष्य में जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभयपुर ग्राम पंचायत के ग्राम पीरखेड़ी में जिला प्रशासन द्वारा प्रमुख कार्यक्रम आयोजि
.
इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष डॉ. रवि पांडे और शाजापुर विधायक अरुण भीमावद सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, उनके सामाजिक संघर्ष और आदिवासी समाज के उत्थान में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
शादीपुरा में कराया गृह प्रवेश
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मोहन बड़ोदिया क्षेत्र के शादीपुरा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्ण हो चुके नौ आवासों का गृह प्रवेश कराया गया। शनिवार सुबह लगभग 10 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद सीईओ अमृतराज सिसोदिया, एडीओ, पीसीओ सहित हितग्राही और ग्रामीणजन उपस्थित थे। अधिकारियों ने लाभार्थियों को आवास सौंपकर इसे आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

ग्राम लड़ावद में भी आयोजन
इसी श्रृंखला में, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के चयनित नवांकुर दीप मानस सेवा संस्थान द्वारा ग्राम लड़ावद में भी भगवान बिरसा मुंडा जयंती का आयोजन किया गया। दोपहर 1 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि और संस्था सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व सरपंच बहादुर सिंह सोनगरा, सरपंच प्रतिनिधि बलराम सिंह पंवार तथा विशिष्ट अतिथि माध्यमिक स्कूल के प्राचार्य अंबाराम सोलंकी रहे। जन प्रतिनिधि नारायण सिंह परमार, संस्था प्रतिनिधि घनश्याम नागर, प्रस्फुटन समिति सदस्य देवभारत पाटीदार एवं धर्मेंद्र नागर की उपस्थिति में मां सरस्वती की पूजा एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
संस्था प्रतिनिधि घनश्याम नागर ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, उनकी दृढ़ता और आदिवासी समाज के लिए किए गए अमूल्य योगदान पर विस्तृत प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता महेंद्र वर्मा ने किया तथा आभार प्रस्फुटन समिति सदस्य देवभारत पाटीदार ने व्यक्त किया।