सिंगरौली में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मनाई गई: मंत्री राधा सिंह जनजातीय वेशभूषा में पहुंचीं, कांग्रेस ने भी किया कार्यक्रम – Singrauli News

सिंगरौली में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मनाई गई:  मंत्री राधा सिंह जनजातीय वेशभूषा में पहुंचीं, कांग्रेस ने भी किया कार्यक्रम – Singrauli News


सिंगरौली जिले में शुक्रवार को जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर जिले में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही राजनीतिक दलों ने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

.

सुबह सबसे पहले प्रदेश की पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री राधा सिंह बैढ़न स्थित राजीव परिसर पहुंचीं। उन्होंने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मंत्री राधा सिंह पूरी तरह से जनजातीय पारंपरिक परिधान में थीं। उन्होंने गले में चांदी का बड़ा लॉकेट वाला हार, हाथों में मोटे चांदी के कड़े और जनजातीय संस्कृति के अनुरूप पोशाक धारण की थी।

मंत्री राधा सिंह के साथ नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे और स्थानीय पार्षद सहित 50 से अधिक लोग मौजूद थे। सभी ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदानों को याद किया और जनजातीय समाज की प्रगति एवं सम्मान के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की।

दूसरी ओर, कांग्रेस ने भी बिरसा मुंडा जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान कार्यकर्ताओं के साथ प्रतिमा स्थल पहुंचे और बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

इस अवसर पर चौहान ने कहा कि बिरसा मुंडा देश के उन विरल स्वतंत्रता सेनानियों में से एक थे, जिन्होंने जनजातीय समुदाय को संगठित कर अंग्रेजी शासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन खड़ा किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर जनजातीय अधिकारों और सामाजिक न्याय को मजबूत करने का संकल्प भी लिया।

दोनों दलों द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों से जिले में जयंती समारोह का माहौल बना रहा। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने दर्शाया कि बिरसा मुंडा आज भी जनजातीय समुदाय के साथ-साथ पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।



Source link